बाढ़ के दौरान राहत बचाव के लिए तटबंधवार नामित किए जाएंगे नोडल अधिकारी
बाढ़ के दौरान राहत बचाव के लिए तटबंधवार नामित किए जाएंगे नोडल अधिकारी
बाढ़ के दौरान राहत बचाव के लिए तटबंधवार नामित किए जाएंगे नोडल अधिकारी
बस्ती: बाढ़ के दौरान राहत बचाव के लिए तटबंधवार नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। यह जानकारी जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने दी। उन्होंने इसके लिए एडीएम को निर्देशित किया है। मंगलवार को वह कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तटबंध के लिए बाढ़ सुरक्षा समिति गठित की जाए। इसमें स्थानीय ग्राम प्रधान, गांव के कुछ सक्रिय लोगों तथा ग्राम स्तरीय विभागीय कर्मचारी को रखा जाए। इनका एक वाट्सएप ग्रुप भी बनाया जाए। जिससे सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान किया जा सकें।
उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित उप जिलाधिकारी एवं बीडीओ संयुक्त रूप से तटबंध का निरीक्षण कर लें। ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर लें। साथ ही व्यक्तियों तथा जानवरों के लिए अलग-अलग आश्रय स्थल निर्धारित करें। बाढ के दौरान प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए कम्यूनिटी किचन की तैयारी रखी जाए। कंट्रोल रूम स्थापित करके टेलीफोन नंबर का प्रचार-प्रसार करा दें।
अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड दिनेश कुमार ने बताया कि तटबंध सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे कर लिए गए है। रिजर्ब स्टाक में प्लास्टिक की बोरिया, जाली, गिट्टी, बोल्डर आदि रखा गया है। प्रत्येक तटबंध के लिए सहायक अभियन्ता तथा अवर अभियन्ता को नामित किया गया है तथा उनके साथ अन्य स्टाफ तैनात किए गए है। डिप्टी सीएमओ डा. आरके हलदार ने बताया कि बाढ चौकीवार मेडिकल टीम की तैनाती कर दी गयी है। स्टाफ दवाएं क्लोरीन टेबलेट, ओआरएस पैकेट आदि का प्रबंध कर लिया गया है।
अपर जिलाधिकारी अभय कुमार मिश्र ने कहा कि इसी प्रकार सभी विभागीय अधिकारी बाढ चौकीवार स्टाफ की तैनाती करके मोबाइल नम्बर सहित उनकी सूची उपलब्ध करा दें। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के रंजीत रंजन ने बताया कि जिले में सरयू, कुआनो, मनोरमा प्रमुख नदियां है, जिनके 15 तटबंध है। सभी स्थानों पर नाव की व्यवस्था है, 43 नाविक तथा 17 गोताखोर उपलब्ध है। प्राइवेट मोटरबोट अयोध्या से प्राप्त हो सकती है। सीडीओ डा. राजेश कुमार प्रजापति, उप जिलाधिकारी गुलाब चन्द्र एवं जीके झा, पीडी कमलेश सोनी, डीपीआरओ एसएस सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. अश्वनी तिवारी, पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह, कृषि अधिकारी मनीष सिंह, सहायक अभियंता जीतेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।