देवरिया में आंधी पानी से शहर से गांव तक विद्युत आपूर्ति बाधित
तरकुलवा क्षेत्र में आंधी व बारिश के बीच ओले पड़े। आंधी के चलते तरकुलवा के कैथवलिया गांव में विद्युत पोल तथा पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। कुछ स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मर भी टूट कर गिर गए। जिले में 13 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। जनपद देवरिया में चार फरवरी की रात मौसम ने करवट ले लिया। शहर से लेकर गांव तक आंधी पानी के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित है। कई स्थानों पर विद्युत पोल उखड़ गए। देवरिया शहर अधिकांश मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल आपूर्ति बाधित है। जिससे लोग परेशान हैं।
आंधी व बारिश के बीच पड़े ओले
उधर तरकुलवा क्षेत्र में आंधी व बारिश के बीच ओले पड़े। आंधी के चलते तरकुलवा के कैथवलिया गांव में विद्युत पोल तथा पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। कुछ स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मर भी टूट कर गिर गए। जिले में 13 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। देवरिया शहर में सिर्फ एक फीडर काम कर रहा है। बाकी फीडर की आपूर्ति ठप है।
फसलों को पहुंचा नुकसान
विद्युत कर्मी आपूर्ति बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। तेज हवा व बारिश के चलते मटर, चना, सरसों को नुकसान पहुंचा है। लेकिन गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है। कुछ स्थानों पर ओला पड़ने से उन क्षेत्रों में सभी फसलों को नुकसान है। तरकुलवा क्षेत्र में तो ट्रांसफार्मर के साथ विद्युत पोल गिर गए। जिसके चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शहर के भटवलिया, पुरवा उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों के इलेक्ट्रानिक उपकरण जहां बंद हो गए हैं, वहीं पानी के लिए भी लोगों को परेशानी उठाना पड़ रहा है।
कई इलाकों में ठप हुई विद्युति आपूर्ति
खुखुंदू, सलेमपुर, सतरांव, लार, कुंडौली, भटनी समेत विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों के फीडर क्षेत्रों में भी फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। अधीक्षण अभियंता जीसी यादव ने कहा कि कितने विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर गिरे हैं, इसकी सूची हर अवर अभियंता से मांगी गई है। खराबी को दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में कर्मचारी जुटे हुए हैं। शहर की बिजली आपूर्ति कुछ देर में बहाल हो जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कर्मचारी खराबी को दूर कर आपूर्ति बहाल करने में लगे हैं।
फसलों को भी हुआ नुकसान
तेज हवा के बीच बारिश व ओले के चलते फसलों को भी नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल खेत में ही गिर गई है। जबकि आलू की फसल को सर्वाधिक नुकसान हुआ है। यही हाल सरसो के फसला का भी है। ओले के चलते सरसो के फसल को भी नुकसान हुआ है।