पौधारोपण के लिए स्वतंत्र गवाह बनेंगे डॉ वीरेंद्र मधुकर व भुवनेश्वर पांडेय Gorakhpur News
जुलाई के प्रथम सप्ताह में प्रदेश में एक ही दिन में 25 करोड़ पौधे रोपे जाने हैं। इसी दिन प्रदेश के नौ एग्रोक्लाइमेट जोन में एक ही स्थान पर 201 प्रजाति के पौधे रोपे जाने हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। 201 प्रजाति के पौधारोपण की निगरानी के लिए इस बार गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम मौके पर नहीं जाएगी। बल्कि ऑनलाइन निगरानी करेगी। पौधारोपण के लिए सोमवार को वनविभाग ने दो स्वतंत्र गवाह भी चुन लिए हैं। इसमें एक गवाह के रूप में पर्यावरण प्रेमी भुवनेश्वर पाण्डेय को रखा गया है। दूसरे गवाह दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ वीरेन्द्र मधुकर रहेंगे। वन विभाग इनसे सहमति भी ले चुका है।
जुलाई में एक ही दिन में रोपे जाएंगे 25 करोड़ पौधे
जुलाई के प्रथम सप्ताह में प्रदेश में एक ही दिन में 25 करोड़ पौधे रोपे जाने हैं। इसी दिन प्रदेश के नौ एग्रोक्लाइमेट जोन में एक ही स्थान पर 201 प्रजाति के पौधे रोपे जाने हैं। इसके लिए गोरखपुर एक्सक्लाइमेट जोन से वन प्रभाग के पश्चिमी लेहड़ा कंपार्टमेंट नंबर 2 के ग्राम सूरपार का चयन किया गया है। पांच हेक्टेयर की इस भूमि को शुक्रवार को मंजूरी भी मिल गई है। डीएफओ अविनाश कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते इस बार गिनीज बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड की टीम इस बार मौके पर नहीं जाएगी। पौधारोपण के साथ कुछ विशेष करने से जनता की भी इसमें अभिरुचि बढ़ेगी। स्वतंत्र गवाहों का चयन किया जा चुका है।
गोरखपुर के अलावा यहां भी होगा पौधारोपण
गोरखपुर के अलावा सोनभद्र, झांसी, लखनउ-अवध, साउथ खीरी, कासगंज, मेरठ एग्रोक्लाइमेट जोन में भी एक ही स्थान पर 201 प्रजाति के पौधे रोपे जाएंगे। हर प्रजाति के कम से कम 10-10 पौधे रोपने होंगे। वन विभाग इसे लेकर तैयारी में जुटा है।
मिशन 12000 के तहत भी वितरित किए जाएंगे पौधे
पौधारोपण अभियान को खास बनाने के लिए इस बार वन विभाग रोटरी क्लब के साथ मिलकर मिशन 12000 के तहत 12000 पौधों का वितरण कर रहा है। अपनों की याद में लोग इन पौधों को रोप सकेंगे। और फिर उस पौधे को देखकर अपनी यादों को ताजा करते रहेंगे।