विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गोरखपुर आक्सीजन हादसे में डा. कफील और सतीश निलंबित

By Nawal MishraEdited By:
Published: Fri, 25 Aug 2017 08:31 PM (IST)

गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कालेज हादसे में डा. सतीश कुमार और डा. कफील खान को निलंबित कर दिया गया।

गोरखपुर आक्सीजन हादसे में डा. कफील और सतीश निलंबित
गोरखपुर आक्सीजन हादसे में डा. कफील और सतीश निलंबित

गोरखपुर (जेएनएन)। बीआरडी मेडिकल कालेज प्रकरण में दोषी पाए गए चार कर्मचारियों के निलंबन के दूसरे ही दिन ऐनिस्थीसिया के विभागाध्यक्ष व अनुरक्षण अधिकारी डा. सतीश कुमार व इंसेफ्लाइटिस वार्ड के प्रभारी पद से हटाए गए डा. कफील खान को निलंबित कर दिया गया। प्राचार्य डा. पीके सिंह के मुताबिक  डा. सतीश की जगह शहबाज खान को ऐनिस्थीसिया का विभागाध्यक्ष बनाया गया है। दंत रोग के विभागाध्यक्ष डा. मनोज कुमार को अनुरक्षण अधिकारी बनाया गया है। गुरुवार को निलंबित किए गए कर्मचारियों सहायक लिपिक लेखा संजय कुमार त्रिपाठी, कनिष्ठ सहायक लिपिक लेखा अनुभाग उदय राज शर्मा तथा सहायक लेखाकार सुधीर कुमार पांडेय का कार्यभार ईएनटी विभाग के क्लर्क शंकर वर्मा को सौंपा गया। आक्सीजन सिलेंडर का काम देख रहे चीफ फार्मासिस्ट गजानंद जायसवाल की जिम्मेदारी फार्मासिस्ट अनिल दूबे को सौंप दी गई है।

घटना में नाम आने के बाद से ही डा. सतीश कुमार मेडिकल लीव पर चले गए हैं। इसी तरह डा. कफील खान ने भी 14 अगस्त से चिकित्सा अवकाश ले रखा है। महानगर स्थित उनका निजी अस्पताल भी बंद पड़ा है। दोनों चिकित्सकों का न तो फोन मिल रहा है और न ही यह पता चल पा रहा है कि वह कहां हैं। निलंबित प्राचार्य डा. राजीव मिश्र व उनकी पत्नी डा. पूर्णिमा शुक्ला 18 अगस्त को ही शहर छोड़कर बाहर जा चुके हैं। कालेज परिसर स्थित उनके आवास पर ताला बंद है।