बिहार से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस बस्ती में ट्रक से टकराई, चार घायल Basti News
यूपी के बस्ती में शुक्रवार को फैजाबाद की तरफ जा रही सवारियों से भरी डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस में सवार चार यात्री घायल हो गए।
बस्ती, जेएनएन। फोरलेन पर जिले के कप्तानगंज कस्बे के मुख्य चौराहे के निकट शुक्रवार की सुबह फैजाबाद की तरफ जा रही सवारियों से भरी डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस में सवार चार यात्री घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार डबलडेकर बस बिहार से दिल्ली जा रही थी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले चार यात्री घायल हो गए। इनमें सुरेश कुमार पुत्र शंकर निवासी, शेख सलीम पुत्र शेख मजीद निवासीगण नगदाहो थाना मलाही बाजार, शेख तैयब पुत्र शेख नशरूल निवासी खैरी थाना बंजरिया और मजरे आलम पुत्र शेख उमरूद्दीन निवासी जनरेऊआ, थाना बंजरिया शामिल हैं। अन्य यात्री हादसे में सुरक्षित बच गए।
कप्तानगंज के एसओ हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया की घायलों को मामूली चोट आई थी। जिनका सीएचसी पर प्राथमिक उपचार कराने के बाद गंतव्य को दूसरे साधन से रवाना कर दिया गया। जिस ट्रक से बस भिड़ी थी, उसके बारे में पता लगाया जा रहा है।