टेराकोटा शिल्पकारों के हुनर से देश को परिचित कराएगा दूरदर्शन Gorakhpur News
गोरखपुर दूरदर्शन टेराकोटा पर डाक्यूमेंट्री तैयार करवा रहा है। डाक्यूमेंट्री का प्रसारण जल्द ही राष्ट्रीय चैनल डीडी यूपी पर किया जाएगा। शिल्पकारों द्वारा कलाकृतियों को तैयार करने पूरी प्रक्रिया के एक-एक बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल इस डाक्यूमेंट्री में शामिल की गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। एक जनपद एक उत्पाद में शामिल टेराकोटा शिल्पकारों के हुनर व कलाकृतियों से अब पूरा देश परिचित होगा। यह संभव होगा गोरखपुर दूरदर्शन द्वारा टेराकोटा पर तैयार किए गए आधे घंटे डाक्यूमेंट्री के जरिये। जिसका प्रसारण जल्द ही राष्ट्रीय चैनल डीडी यूपी होगा। केंद्र द्वारा तैयार किए गए इस डाक्यूमेंट्री में शिल्पकारों के टेराकोटा कलाकृतियां बनाने की विभिन्न विधाओं की जानकारी के साथ-साथ मिट्टी चयन के तरीके, उसे बनाने की प्रक्रिया तथा कलाकृतियों को बाजार में बेचने तक की प्रक्रिया तक शामिल है।
भोजपुरी की रचनाओं की भी जल्द होगी रिकार्डिंग
लोकगीत, डाक्यूमेंट्री के बाद अब दूरदर्शन केंद्र भोजपुरी भाषी क्षेत्र होने के कारण पूर्वांचल के मूर्धन्य साहित्यकारों की रचनाओं को भी राष्ट्रीय चैनल पर प्रसारित करने की तैयारी में है। केंद्र के कार्यक्रम प्रमुख जीपी दूबे क्षेत्र के जाने-माने भोजपुरी साहित्यकारों की सूची तैयार करने में जुटे हैं। जिन्हें बारी-बारी से स्टूडियो में आमंत्रित कर उनकी कविता पाठ की रिकार्डिंग की जाएगी।
दूरदर्शन केंद्र की तकनीकी टीम ने औरंगाबाद जाकर डाक्यूमेंट्री तैयार की है। शिल्पकारों द्वारा कलाकृतियों को तैयार करने पूरी प्रक्रिया के एक-एक बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल इस डाक्यूमेंट्री में शामिल की गई है, जिसे देखने के बाद दर्शक टोराकोटा की कलाकृतियों के बारे में आसानी से जान व समझ सकेंगे। - ज्ञान प्रकाश दूबे, कार्यक्रम प्रमुख, गोरखपुर दूरदर्शन केंद्र।