Deoria News: पुरानी रंजिश में बुजुर्ग को लाठी-डंडे से पीटकर हत्या, छह साल पहले भी महिला को उतारा था मौत के घाट
मामला देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार की रात दो पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के बुजुर्ग की जमकर पिटाई कर दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में सांसें थम गई।
देवरिया, जागरण संवाददाता। देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पदारी पट्टी गांव में शुक्रवार की रात पुरानी रंजिश में बुजुर्ग की पिटाई के चलते मौत हो गई। शनिवार की सुबह सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश शुरू कर दी है।
ये है मामला: गांव के दो पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही है। शुक्रवार की रात एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के कालिका सिंह (60) की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद स्वजन शव लेकर घर चले आए। सुबह गांव में तनाव बढ़ गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी, प्रभारी निरीक्षक टीजे सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव में पुलिस की तैनाती की गई है।
2016 में भी हुई थी महिला की हत्या: दोनों पक्षों में बहुत दिनों से यह विवाद चल रहा है। छह वर्ष पूर्व 2016 में भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। एक बार फिर प्रतिशोध की आग सुलग गई और एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई।
जिले में 20 दिनों में छह हत्याएं: जिले में इन दिनों घटनाएं बढ़ गई हैं। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में दोहरा हत्या कांड, सलेमपुर में आर्केस्ट्रा संचालक की हत्या, खामपार में लूट की नियत से युवक की हत्या हुई। सभी घटनाओं का पुलिस पर्दाफाश कर चुकी है। जबकि एक दिन पूर्व लार थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर दी गई। अभी पुलिस इस घटना का पर्दाफाश करती, उसके पहले ही तरकुलवा थाना क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या कर दी गई।