डेंगू की दहशत : मच्छर मारने सुबह ही नालियों के किनारे पहुंची नगर निगम की टीम Gorakhpur News
नगर निगम ने छिड़काव की अपनी नीति में बदलाव किया है। अब नालियों में सुबह छिड़काव की शुरुआत की गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। मच्छरों का प्रकोप बढ़ता देख नगर निगम ने छिड़काव की अपनी नीति में बदलाव किया है। अब नालियों में सुबह छिड़काव की शुरुआत की गई है। सुबह छह बजे से सात बजे के बीच मच्छरों के लार्वा सबसे ज्यादा सक्रिय होते हैं। जैसे-जैसे सूर्य का प्रकाश बढ़ता जाता है लार्वा नीचे की ओर चले जाते हैं।
शुक्रवार को एयरफोर्स इलाके में नगर निगम ने अलसुबह छिड़काव की शुरुआत कराई। मैत्रीपुरम की सभी नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। साथ ही इलाके के गड्ढों में भी एंटी लार्वा का छिड़काव हुआ। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि मच्छरों के लार्वा के खात्मे के लिए अब सुबह ही एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं।
जागरण ने उठाया था मामला
अब तक शहर में एंटी लार्वा का छिड़काव दोपहर बाद कराया जाता था। दोपहर तक मच्छरों के लार्वा पानी की निचली सतह पर चले जाते थे। नालियों में पानी के बहाव के बीच एंटी लार्वा बह जाता था। यह लार्वा तक पहुंच ही नहीं पाता था। इससे मच्छरों की संख्या दिनों-दिन बढ़ती ही जा रही थी।
छठ घाटों पर भी हुई सफाई
नगर निगम ने शुक्रवार सुबह से ही शहर के महत्वपूर्ण छठ घाटों पर सफाई शुरू करा दी। नगर निगम की टीम ने घाटों के किनारे की गंदगी साफ कराई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि छठ घाटों की सफाई का अभियान पूरे दिन चलता रहेगा।