मासूमों की सुरक्षित जिंदगी के लिए जागरण के साथ बढ़े हजारों कदम Gorakhpur News
दैनिक जागरण की इंसेफ्लाइटिस से प्रभावित संतकबीर नगर जिले में बड़ी मुहिम में जनप्रतिनिधि अधिकारी विद्यालय प्रबंधन स्वयंसेवी संस्थाएं व जिले के गणमान्य लोग सामने आए।
संतकबीर नगर, जेएनएन। दैनिक जागरण की इंसेफ्लाइटिस से प्रभावित संतकबीर नगर जिले में बड़ी मुहिम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, स्वयंसेवी संस्थाएं व जिले के गणमान्य लोग सामने आए। हीरालाल रामनिवास इंटर कालेज-खलीलाबाद इसका साक्षी बना। बतौर मुख्य अतिथि के रूप में डीएम रवीश गुप्त ने सोमवार को सुबह इंसेफ्लाइटिस से बचाव के लिए यहां से निकली विशाल जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शहर के कई हिस्सों से गुजरी रैली
रैली चंद्रशेखर तिराहा-खलीलाबाद तक गई, यहां से पुन: वापस विद्यालय पहुंची। बैंड-बाजे की धुन के बीच निकली इस रैली में स्कूली बच्चे समेत दस हजार से अधिक लोग इसके सहभागी बने। रैली ने आम जनमानस को यह संदेश दिया कि इंसेफ्लाइटिस से सिसकते, तड़पते, दम तोड़ते बच्चों की जिंदगी देखी है, अब इसे और नहीं देखेंगे। सभी के सहयोग और जन-जागरूकता से इस बीमारी को मिटाएंगे और हर बच्चे के जीवन को सुरक्षित व खुशहाल बनाएंगे।
दैनिक जागरण के हैं सात सरोकार, इसमें यह भी शामिल
दैनिक जागरण गोरखपुर यूनिट के प्रभारी संपादक जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि दैनिक जागरण के सात सरोकार हैं, इसमें यह भी शामिल है। इंसेफ्लाइटिस से पूर्वांचल के जिले प्रभावित हैं। यह काफी खतरनाक बीमारी है। इससे बचाव के लिए दैनिक जागरण ने यह बड़ी मुहिम चलाई है।
इंसेफ्लाइटिस से बचाव के लिए जागरण की पहल सराहनीय : डीएम
संतकबीर नगर के डीएम रवीश गुप्त ने कहा कि पूर्व में इंसेफ्लाइटिस से सैकड़ों मासूमों की मौत हुई लेकिन अब मौतों की संख्या शून्य है। यह जागरूकता का ही परिणाम है। इस बीमारी से बचाव के लिए उपचार से ज्यादा जागरूकता जरुरी है। दैनिक जागरण की यह पहल सराहनीय है।
सभी की सहभागिता की जरुरत : एसपी
पुलिस अधीक्षक ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि इंसेफ्लाइटिस पर नियंत्रण पाने के लिए सभी को आगे आना होगा। इसमें सभी की सहभागिता की जरुरत है।
इंसेफ्लाइटिस के संपूर्ण उन्मूलन के लिए ऐसे अभियान की आवश्यकता : राकेश
मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि इंसेफ्लाइटिस के संपूर्ण उन्मूलन के लिए ऐसे अभियान की आवश्यकता है। दैनिक जागरण की यह पुनीत व सराहनीय पहल है। मुख्यमंत्री बनने के पहले से योगी आदित्यनाथ इसको लेकर संवेदनशील थे और आज भी हैं। जब तक यह बीमारी खत्म नहीं हो जाती तब तक यह अभियान जारी रहेगा।
भाजपा सरकार इंसेफ्लाइटिस के प्रति गंभीर : जय चौबे
विधानसभा क्षेत्र खलीलाबाद के भाजपा विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि इंसेफ्लाइटिस के प्रति केंद्र व सूबे की भाजपा सरकार गंभीर है। इस बीमारी से मासूमों की जान बचाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। विश्व का नंबर वन अखबार दैनिक जागरण की यह मुहिम सराहनीय है।