गोरखपुर, जागरण संवाददाता। बधाई गाने गई किन्नर को रिठुआखोर मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात के बाद असलाह लहराते हुए बदमाश फरार हो गए। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल किन्नर ने क्षेत्र विवाद में वारदात होने की जानकारी देते हुए प्रिया किन्नर समेत छह लोगों पर साजिश के तहत हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है। घायल किन्नर के समर्थकों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शाम सात बजे सहजनवां थाने के सामने लखनऊ हाईवे जाम कर दिया। नग्न होकर पथराव करने लगे। अधिकारियों के मान मनौव्वल पर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खत्म हुआ। देर रात पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में ले लिया।

यह है पूरा मामला

सहजनवां थाना क्षेत्र के भीमापार की किन्नर तान्या ने संतकबीर नगर जिले के खलीलाबाद रेलवे स्टेशन रोड के विशाल से शादी की है। तान्या अक्सर भीमापार में रहती है और क्षेत्र में साथियों के साथ बधाई गाती है। रविवार की दोपहर में वह रिठुआखोर मोड़ के पास रहने वाले पिंटू सिंह के घर बधाई गाने गई थी। पिंटू के घर बच्चा पैदा हुआ है। बधाई गाकर वह वापस लौट रही थी। रिठुआखोर मोड़ के पास समाधियां की तरफ से आए एक बाइक पर सवार दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने तान्या पर गोली चला दी। पीठ में गोली लगने से तान्या वहीं गिर गई। साथियों के शोर मचाने पर बाइक सवार बदमाश असलाह लहराते फरार हो गए।

एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि घायल तान्या किन्नर ने क्षेत्र विवाद में प्रिया किन्नर, काजल किन्नर, मुमताज किन्नर, पूजा किन्नर, प्रिया और दुर्गेश के विरुद्ध साजिश रचने और हत्या की कोशिश करने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों की तलाश चल रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक वर्ष पहले खलीलाबाद के किन्नर से हुआ था विवाद: तान्या किन्नर का क्षेत्र बंटवारे को लेकर एक वर्ष पहले खलीलाबाद की किन्नर से विवाद हुआ था। खलीलाबाद क्षेत्र में नेग वसूलने वाली एक किन्नर सहजनवां क्षेत्र में आ गई थी। इसको लेकर अक्टूबर 2022 में विवाद हुआ था। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से पंचायत के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए थे, लेकिन क्षेत्र का विवाद खत्म नहीं हुआ।

नेपाल की रहने वाली है आरोपित किन्नर प्रिया

हंगामा कर रहे तान्या गुट के किन्नरों का आरोप है कि हत्या का प्रयास कराने वाली प्रिया किन्नर नेपाल की रहने वाली है। तान्या के क्षेत्र में जबरन घुस कर वसूली करना चाहती है।वह अपने साथियों संग पहले खलीलाबाद में रहती थी।वहां से भगाए जाने पर सीहापार में ठिकाना बना लिया।

चार माह पहले भिड़े थे दोनों गुट

चार माह पूर्व तान्या और प्रिया गुट नेग वसूलने को लेकर भिड़ गए थे। थाना पर किन्नरों ने जमकर हंगामा किया था। विवाद बढ़ता देख पुलिस बैकफुट पर आ गई और दोनों पक्ष को अपने समाज में मामले को निस्तारण करने की सलाह देकर लौटा दिया। दारोगा हो चुके हैं लाइन हाजिर सहजनवां थाने पर तैनात रहे एक दारोगा को किन्नरों के विवाद को लेकर लाइन हाजिर तक होना पड़ा। किन्नरों के दोनों गुटों के विवाद के दौरान एक गुट ने दारोगा पर धन उगाही का आरोप लगाया। जिसके बाद दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया था।

हाईवे पर लगा दो किलोमीटर लंबा जाम

थाने के सामने किन्नरों के हंगामा करने व लखनऊ हाइवे जाम करने की वजह से डेढ़ घंटे तक आवागमन ठप हो गया। गोरखपुर-लखनऊ हाइवे पर दो किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला। जाम खत्म होने के एक घंटा बाद सुचारु रुप से वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।

Edited By: Pragati Chand