भटहट कांड : उपद्रव के छह आरोपित गिरफ्तार, 22 पर इनाम
भटहट पुलिस चौकी में तोड़फोड़, आगजनी करने वाले छह आरोपियों पर इनाम घोषित हुआ है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : भटहट पुलिस चौकी में तोड़फोड़, आगजनी करने वाले छह आरोपितों को गुलरिहा पुलिस ने मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसएसपी ने घटना के बाद घर छोड़कर भागे 22 नामजद आरोपितों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले में अभी तक 23 लोगों की गिरफ्तारी को चुकी है।
भटहट संवाददाता के अनुसार शुक्रवार शाम अमवा, मीरापुर और बरगदही गांव के ताजियादार जुलूस लेकर कर्बला जा रहे थे। भटहट पुलिस चौकी के सामने अमवा गांव निवासी खुर्शीद हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलस गया। इस पर जुलूस में शामिल लोगों ने बवाल शुरू कर दिया। भटहट चौकी में घुसकर पुलिस की जीप और दस्तावेज में आग लगा दी। साथ ही आम लोगों को पीटने के साथ ही दर्जनों वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद दारोगा, सिपाहियों और होमगार्ड्स पर तलवार और डंडे से हमला कर घायल कर दिया। गुलरिहा पुलिस ने मामले में 24 नामजद, 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर गुलरिहा पुलिस ने छह अन्य को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि घटना में शामिल छह आरोपितों को मंगलवार को पकड़े गए। फरार 22 नामजद आरोपितों पर इनाम घोषित हुआ है। एनएसए की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
-----
अभियुक्त को थाने से छोड़े जाने के आरोप की शुरू हुई जांच
गुलरिहा थानेदार पर ताजिया जुलूस के दौरान बवाल करने वाले आरोपित को थाने से छोड़ने का आरोप लगा है। शुक्रवार रात होमगार्ड ने चौकी में घुसकर ईट चलाने वाले एक युवक को पकड़ लिया था। भलुही निवासी उस युवक को थानेदार ने थाने में बैठा दिया। आरोप है कि उसे जेल भेजने की वजाय छोड़ दिया गया। मंगलवार को होमगार्ड को इसकी जानकारी हुई तो उसने सूचना अधिकारियों को दे दी। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।