गोरखपुर में राष्ट्रीय सचिव के सामने आपसे में भिड़े कांग्रेसी Gorakhpur News
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जुबैर खान की मौजूदगी में कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कुछ कार्यकर्ता संगठन में पद न मिलने से नाराज थे तो कुछ जिलाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे।
गोरखपुर, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जुबैर खान की मौजूदगी में कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कुछ कार्यकर्ता संगठन में पद न मिलने से नाराज थे, तो कुछ जिलाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे। कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी को लेकर भी असंतोष जताया। करीब आधा घंटा हंगामा चलता रहा। राष्ट्रीय सचिव ने नाराज कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया।
हाथापाई तक की नौबत
राष्ट्रीय सचिव गोरखपुर (Gorakhpur) के बरगदवा स्थित एक मैरिज हाउस में बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच गोला के ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिल रहा है। किसी भी निर्णय में उनकी सलाह नहीं ली जा रही है। अनिल सोनकर ने जिलाध्यक्ष राकेश यादव पर कई तरह के आरोप लगा दिए। मामला बढ़ा तो दोनों पक्षों के समर्थक नारे लगाने लगे। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कार्यकर्ताओं के शांत होने के बाद जुबैर खान ने कहा कि चुनाव में हार से कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है।
जीत-हार चलती रहती है। कार्यकर्ता अपना सारा ध्यान मिशन 2022 पर लगाएं। शहर में पार्टी कार्यालय न होने पर हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकताओं को एकजुट रखने के लिए कार्यालय आवश्यक है, इसलिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता नए कार्यालय की तलाश करें।
प्रियंका तक पहुंचेगी बात
जुबैर खान ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सुझाव प्रियंका गांधी वाड्रा तक पहुंचाऊंगा। जिलाध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि मेरा विरोध करने के बजाय संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे तो बेहतर रहेगा। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष अरुण अग्रहरि, जयंत पाठक, जीएल श्रीवास्तव, राम नरेश चौधरी, राणा राहुल सिंह, मधुसूदन त्रिपाठी, संजय चौबे, हजारीलाल जयसवाल, जितेंद्र पांडेय, संजीव सिंह सोनू, अनुग्रह तिवारी, जितेंद्र राय, राजमन राय, जयप्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप