पेट्रोलियम पदार्थों में टैक्स बढ़ोत्तरी को लेकर विरोध कर रहे कांग्रेसी गिरफ्तार Gorakhpur News
कांग्रेसी शास्त्री चौक पहुंचे और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पुतला दहन करने लगे। इस पर पुलिस ने कांग्रेसियों से पुतला छीनने की कोशिश की तो कांग्रेसी धरने पर बैठ गए।
गोरखपुर, जेएनएन। बेमौसम हुई बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर मुआवजे की मांग व पेट्रोलियम पदार्थों पर टैक्स में वृद्धि के विरोध में कांग्रेसियों ने नगर निगम स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क से पैदल मार्च निकाला।
पुतला छीनने की कोशिश की तो धरने पर बैठ गए
कांग्रेसी रानी लक्ष्मीबाई पार्क से निकलकर शास्त्री चौक पहुंचे और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पुतला दहन करने लगे। इस पर पुलिस ने कांग्रेसियों से पुतला छीनने की कोशिश की तो कांग्रेसी धरने पर बैठ गए। इस बीच पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान समेत चार अन्य कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कांग्रेसी देर शाम मुचलके पर छोड़ दिए गए।
तानाशाही रवैया बर्दाश्त नहीं
जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और सरकार किसानों को कोई मुआवजा नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों पर टैक्स में बढ़ोत्तरी कर केंद्र सरकार ने आम जनता को महंगाई झेलने के लिए विवश कर दिया है। सरकार का यह तानाशाही रवैया पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।
पुलिस के खिलाफ भी होगा आंदोलन
उन्होंने कहा कि पुलिस की गुंडागर्दी पर पार्टी बड़ा जनांदोलन खड़ा करेगी। गिरफ्तार लोगों में साहिल विक्रम तिवारी, कौशल त्रिपाठी, घटोत्कच शुक्ला एवं सुमन थे। गिरफ्तारी की खबर सुनकर कांग्रेसी आक्रोशित हो गए। प्रदेश महासचिव विश्वविजय सिंह एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मधुसूदन त्रिपाठी के नेतृत्व में कांग्रेसी पुलिस लाइन पहुंचे जहां पर उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। इस दौरान सोनिया शुक्ला, विक्रमादित्य, संजय चौबे, अनिल सोनकर, अनवर हुसैन, विजय सिंह, प्रवीण पासवान, बादल चतुर्वेदी, अभिजीत पाठक, नीरज सिंह, राजू पांडेय, तौकीर आलम, परवेज अख्तर आदि मौजूद रहे।