सांसद ने कहा-कांग्रेस किसानों के लिए नहीं, बिचौलियों के लिए कर रही विरोध Gorakhpur News
बिचौलियों का नुकसान होते देख कांग्रेसी बौखला गए हैं। दर असल उनका विरोध किसानों के लिए नहीं अपितु बिचलौलिए के लिए है। कांग्रेसी परेशान हैं कि बिचौलिए की रोजी रोटी बंद हो जाएगी। सरकार ने बिचौलियों पर ताला लगा दिया है।
गोरखपुर, जेएनएन। सदर सांसद रविकिशन ने कहा है कि किसानों के हित में लाया गया बिल कांग्रेसियों को पच नहीं रहा है। किसानों को हमेशा से धोखे में रखने वाले कांग्रेसी को उम्मीद नहीं थी कि किसानो के हित में केंद्र सरकार कोई बड़ा फैसला ले सकती है। जब सरकार ने फैसला ले लिया और उसके लिए बिल लाया तो कांग्रेस परेशान हो गए। उनको कुछ नहीं सूझा तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उनका दिमागी संतुलन इतना गड़बड़ हो गया कि एक ही ट्रैक्टर को उन्होंने तीन बार फूंका ताकि लोग यह समझे यह सब किसान कर रहा है। उनकी पोल खुल गई और किसान उनकी असलियत समझ गए हैं।
किसानों के हित में आया कृषि बिल कांग्रेस को पच नहीं रहा
सांसद भटहट विकास खंड के राजपुर गांव में भाजपा की कृषि गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पास कृषि बिल किसानों के हित में है। बिचौलियों का नुकसान होते देख कांग्रेसी बौखला गए हैं। दर असल उनका विरोध किसानों के लिए नहीं अपितु बिचलौलिए के लिए है। कांग्रेसी परेशान हैं कि बिचौलिए की रोजी रोटी बंद हो जाएगी। सरकार ने बिचौलियों पर ताला लगा दिया है। अनुच्छेद 370, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक कानून का विरोध करने वाले कांग्रेसियों को अब किसानों के हित में आया कृषि बिल पच नहीं रहा है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पता है कि देश की जड़ गांव में है। जड़ मजबूत होगा, तभी हमारा देश भी मजबूत होगा।
हाथरस कांड का हो चुका है पर्दाफाश
हाथरस कांड पर सांसद ने कहा कि जांच में यह तथ्य सामने आया है कि कुछ पार्टियां प्रदेश में दंगा कराने की पूरी योजना बना चुकी थीं। जिसका पर्दाफाश हो गया है। जनता सब समझ गई है। हाथरस की असलियत क्या है, सभी को पता चला गया है। उन्होंने सवाल किया कि राम का मंदिर बन रहा है, तो विपक्ष के पेट में दर्द क्यों हो रहा है। विधायक महेंद्र पाल सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह व राधेश्याम सिंह ने भी गोष्ठी को संबोधित किया। अरविंद सिंह, दिनेश दुबे, अनिल कुमार, जीतन सिंह, संजय सिंह, सुधीर सिंह, कपिल पति त्रिपाठी, नित्यानंद पांडेय व सुग्रीव सिंह मौजूद रहे।