शनिवार को गोरखपुर में 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे CM योगी, कल्याण मंडपम का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बशारतपुर में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बशारतपुर में 3.10 करोड़ का कल्याण मंडपम लोकार्पित।
170 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण।
जरूरतमंदों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बशारतपुर स्थित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुख्यमंत्री की विधायक निधि से 3.10 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री नगर निगम और जीडीए की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कुल 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 130.73 करोड़ रुपये है।
कल्याण मंडपम के साथ नगर निगम की 140 और जीडीए की 30 परियोजनाएं समारोह में शामिल होंगी। नगर निगम की 47.15 करोड़ रुपये की 109 परियोजनाओं का शिलान्यास और 69.99 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
वहीं, जीडीए के 10.84 करोड़ रुपये के 15 कार्यों का लोकार्पण तथा 2.75 करोड़ रुपये की 15 परियोजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे।
2593 वर्गमीटर में आधुनिक सुविधाओं से तैयार हुआ मंडपम
बशारतपुर में 2593 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित कल्याण मंडपम दो तल का है। भूतल पर 225 लोगों की क्षमता वाला हाल, किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। प्रथम तल पर एक हाल के साथ अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरे हैं।
जीडीए के अनुसार, मुख्य भवन के सामने आकर्षक फव्वारा बनाया गया है। वाहनों के लिए परिसर में इंटरलाकिंग टाइल्स से पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लान विकसित करने के साथ फूल-पौधे लगाकर परिसर को सजाया गया है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन सहित सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दर पर आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराना है।
सड़क-नाली से जलभराव तक के काम शामिल
नगर निगम की शिलान्यास वाली परियोजनाओं में 11.92 करोड़ रुपये से 41 सड़कों और नालियों का निर्माण, 7.60 करोड़ रुपये से 47 पार्कों का सुंदरीकरण, नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में कर्मचारियों के लिए 5.07 करोड़ रुपये से आवासीय भवन निर्माण शामिल है।
प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 5.57 करोड़ रुपये के सात कार्य तथा पेयजल और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 16.99 करोड़ रुपये के 13 कार्य भी शुरू होंगे। लोकार्पित होने वाले नगर निगम के 31 कार्यों पर 69.99 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। राज्य सेक्टर कार्यक्रम के तहत 39.90 करोड़ रुपये से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार, नलकूप स्थापना और इंडिया मार्क-टू हैंडपंपों की रीबोरिंग के 29 कार्य पूरे किए गए हैं।
इसके अलावा बाढ़ और जलभराव से राहत के लिए बाढ़ पंपिंग स्टेशनों की क्षमता वृद्धि एवं सुदृढ़ीकरण की 30.09 करोड़ रुपये की परियोजना का भी लोकार्पण होगा।
यह भी पढ़ें- 'पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक टेक्नोलॉजी से जोड़कर पैदा होंगे रोजगार के नए अवसर'; गोरखपुर में बोले CM योगी
