UP CM Yogi Adityanath Gorakhpur visit: दो दिवसीय दौरे पर आज गोरखपुर आएंगे मुख्यमंत्री
UP CM Yogi Adityanath Gorakhpur visit सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार दोपहर एक बजे के बाद गोरखपुर आएंगे। वह आयुष विश्वविद्यालय एवं गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। UP CM Yogi Adityanath Gorakhpur visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार दोपहर एक बजे के बाद गोरखपुर आएंगे। वह आयुष विश्वविद्यालय एवं गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द को सम्मलित होना है। मुख्यमंत्री बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ गोला एवं सहजनवां में बाढ़ पीडि़तों को राहत सामग्री भी वितरित कर सकते हैं। इसके अलावा अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास एवं बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा करने की भी संभावना है। गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को जनता दर्शन कर वह लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री गोला नहीं जाएंगे, कार्यक्रम निरस्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोला का दौरा निरस्त हो गया है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री की व्यस्तता के कारण दौरा निरस्त होने की जानकारी दी है। हालांकि तैयारियां अभी चल रही हैं। उम्मीद है कि दो-तीन दिन के भीतर मुख्यमंत्री गोला जाएंगे और बाढ़ पीडि़तों से मुलाकात कर राहत सामग्री का वितरण करेंगे। 28 अगस्त को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दौरे के मद्देनजर भटहट और श्री गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय में तैयारियों का भी मुख्यमंत्री को निरीक्षण करना है। बाढ़ पीडि़तों से मुलाकात के मद्देनजर गोला के वीएसएवी इंटर कालेज में कई दिनों से तैयारी चल रही थी। पिछले सप्ताह भी मुख्यमंत्री को आना था लेकिन व्यस्तता के कारण वह नहीं आ सके थे।
हेलीपैड से निकाला जा रहा है पानी
आयुष विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री के निरीक्षण की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सुबह से ही हेलीपैड पर इकट्ठा पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट चलाया जा रहा है। सफाईकर्मी लगातार हेलीपैड से शिलान्यास स्थल तक की सफाई में जुटे हुए हैं। मूसलधार बारिश के कारण अफसर परेशान हैं। राष्ट्रपति के लिए आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास स्थल के पास तीन हेलीपैड बनाए गए हैं लेकिन बारिश के कारण आसपास फैल रहे कीचड़ से परेशानी हो रही है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रशासन ने फर्टिलाइजर परिसर में राष्ट्रपति का हेलीकाप्टर लैंड कराने की भी व्यवस्था बनाई है।
विश्वविद्यालय में तेजी से चल रही तैयारी
मुख्यमंत्री को श्री गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय परिसर का भी निरीक्षण करना है। विश्वविद्यालय का लोकार्पण करने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को आना है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए मुख्यमंत्री को मंगलवार को परिसर का निरीक्षण करना है। यहां एक सप्ताह से नगर निगम के सौ सफाईकर्मी सुबह से रात तक सफाई में जुटे हुए हैं। परिसर के मुख्य गेट से अंदर तक सफाई के साथ सोडियम हाइपोक्लोराइट के घोल का छिड़काव कराया जा रहा है।