Move to Jagran APP

हिट हो रहा योगी का ट्रिपल इंजन चुनावी फार्मूला, निकाय चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं में भर रहा जोश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निकाय चुनाव में झंडा गाड़ने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरना शुरू कर दिया है। वे लोकार्पण- शिलान्यास कार्यक्रमों में हर मंच से ट्रिपर इंजन चुनावी फार्मूले की चर्चा कर कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandPublished: Tue, 29 Nov 2022 12:25 PM (IST)Updated: Tue, 29 Nov 2022 12:25 PM (IST)
हिट हो रहा योगी का ट्रिपल इंजन चुनावी फार्मूला, निकाय चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं में भर रहा जोश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (फाइल फोटो)

गोरखपुर, डॉ. राकेश राय। डबल इंजन की सरकार के फार्मूले से विधानसभा चुनाव में जीत का झंडा गाड़ने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निकाय चुनाव में जीत के लिए ट्रिपल इंजन फार्मूला निकाला है। हर मंच से वह इस फार्मूले के जरिये निकाय चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं। उनका यह फार्मूला हिट होता भी दिखने लगा है। निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं का बढ़ा जोश इस बात का प्रमाण है।

loksabha election banner

कार्यकर्ताओं में ऐसे जोश भर रहे सीएम योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को जीत के इस मंत्र को देने की शुरुआत बीते दिनों झांसी में आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान की। रविवार को गोरखपुर में योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम के मंच से भी उन्होंने न केवल फार्मूले की चर्चा की बल्कि उसकी वैचारिक व्याख्या भी की। उन्होंने साफ किया कि इस समय केंद्र और प्रदेश में समान विचारधारा की सरकार है, जिससे प्रदेश का चहुंमुखी विकास निर्बाध गति से हो रहा है। यदि नगर निकायों में भी उसी विचारधारा का बोर्ड बनता है तो केंद्र और प्रदेश से चलने वाली कल्याणकारी योजनाएं वार्डों तक सहज ढंग से पहुंचेंगी, जिसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा।

ट्रिपल इंजन से विकास की रफ्तार में आएगी तेजी

केंद्र, प्रदेश और निकायों के रूप में जब तीन इंजन का जोर एक साथ लगेगा तो विकास की रफ्तार और तेज हो जाएगी। कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में और आसानी होगी। मुख्यमंत्री के इस फार्मूले से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने इसे मंत्र के रूप में आत्मसात कर लिया है। पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता तक अब डबल इंजन की जगह ट्रिपल इंजन की सरकार की धुन में हैं। फार्मूले को धरातल पर उतारने के लिए वह जुट गए हैं।

प्रबुद्ध सम्मेलन में भी उठेगी चर्चा

निकाय चुनाव के लिए शहर के प्रबुद्ध जनों को साधने के लिए भाजपा की ओर से चार दिसंबर को प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित है। रामगढ़ ताल के सामने महंत दिग्विजयनाथ पार्क में होने वाले इस सम्मेलन का मुख्य विषय भी ट्रिपल इंजन की सरकार रहने की संभावना है। फार्मूले के विकासवादी लक्ष्य से अवगत कराकर प्रबुद्धों के जरिये यह विचार जन-जन तक पहुंचाने की पार्टी की योजना है। प्रबुद्ध समाज की सूची बनाकर पार्टी कार्यकर्ता उन्हें सम्मेलन के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

क्या कहते हैं पदाधिकारी

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि निकाय चुनाव के लिए पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जिन वार्डों में पार्टी के पार्षद नहीं थे, वहां सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने में दिक्कत हो रही थी। इस बार ऐसे सभी वार्डों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में कार्यकर्ता जुट गए है। मुख्यमंत्री के ट्रिपल इंजन फार्मूले ने कार्यकर्ताओं में चुनाव के लिए जोश भर दिया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.