26 सितंबर को देवरिया आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
सीएम योगी आदित्यनाथ 26 सितंबर को देवरिया आएंगे। सीएम का पूरा कार्यक्रम प्रशासन ने जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि सीएम अस्पताल का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा करेंगे।
देवरिया, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 सितंबर को देवरिया आएंगे। मौसम में आए बदलाव के चलते उनके कार्यक्रम स्थल में परिवर्तन किया गया है। अब देविरया चीनी मिल ग्राउंड में हेलीपैड बनाया जा रहा है। इससे पुलिस लाइन में हेलीपैड बनाया गया था। मुख्यमंत्री के देवरिया आने की आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद देविरया चीनी मिल ग्राउंड में हेलीपैड आदि का निर्माण शुरू कर दिया गया। टेंट डालकर स्वीस काटेज,सेफ रूम आदि बनाया जा रहा है। बारिश से निपटने के लिए जर्मन हैंगर बनाया जाएगा। दिनभर सफाई कर्मचारी परिसर को साफ करने में लग गए। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। अधिकारियों व कर्मचारियों का हाल यह रहा कि बारिश के चलते हवाई चप्पल पहनकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। ग्राउंड के चारो तरफ बैरिकेडिंग का काम दिनभर चलता रहा। बारिश होने के बावजूद तैयारी होती रही।
जारी नहीं हुआ पूरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन संभावना है कि जिला अस्पताल व अन्य स्थानों पर दौरा हो सकता है। इसको देखते हुए विभागों में तैयारी व रंगाई पोताई युद्धस्तर पर हो रही है। सिविल लाइन में डिवाइडर की पोताई कर चमका दिया गया है। जिलाधिकारी अमित किशोर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 सितंबर को देवरिया आएंगे। बारिश के मौसम के चलते शहर में पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग मुश्किल है, इस वजह से कार्यक्रम स्थल में परिवर्तन किया गया है।
सांसद ने उठाया रिंग रोड का मुद्दा
लोकसभा क्षेत्र देवरिया के सांसद, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कल मानसून सत्र में संसद में देवरिया में पूर्व प्रस्तावित सोनूघाट से बैतालपुर देवरिया होते हुए बाईपास, रिंंग रोड के निर्माण का मुद्दा उठाया। सांसद डॉ०त्रिपाठी ने सदन में कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र देवरिया मुख्यालय शहर के बीच से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 एक गुजरती है, जो उत्तर प्रदेश और बिहार राज्य को जोड़ती है। उक्त मार्ग पर आम वाहनो के साथ साथ भारी वाहनों का आवागमन व्यावसायिक व व्यापारिक दृष्टि से भी होता रहता है। मुख्य मार्ग होने के नाते इस मार्ग पर अनवरत आवागमन होता है। व्यवसाय व व्यापारिक दृष्टि से यह मार्ग बहुत ही महत्वपूर्ण है। अनवरत आवागमन के कारण मार्ग की स्थिति वर्तमान समय में जर्जर हो चुकी है, कभी-कभी इस मार्ग पर लंबा जाम लग जाता है, साथ ही आए दिन बड़ी दुर्घटनाएं अत्यधिक होती हैं। भारी वाहनों से बीच शहर को निजात दिलाने के लिए बैतालपुर से सोनूघाट तक रिंग रोड बाईपास के निर्माण की योजना बनी। 25 जनवरी 2018 को सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तत्कालीन सांसद कलराज मिश्र एवं उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री की मौजूदगी में इस योजना का शिलान्यास भी भव्य तरीके से किया गया। डॉ्. त्रिपाठी ने सदन में कहा कि अभी तक इस मार्ग हेतु कार्य प्रारंभ नहीं किया गया।