सीएम योगी आदित्यनाथ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के साथ गोरखपुर पहुंचे
महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवेद्यनाथ की पुण्यतिथि समारोह में हिस्सा लेने सीएम योगी आदित्यनाथ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के साथ गोरखपुर पहुंचे।
गोरखपुर, (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत के साथ बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री व राज्यपाल महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवेद्यनाथ की पुण्यतिथि समारोह में हिस्सा लेने यहां आए हैं। दोनों गणमान्य चार घंटे शहर में रहेंगे।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल यहां ब्रह्मलीन महंत दिग्विजय नाथ और महंत अवेद्यनाथ की पूण्यतिथि के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सम्मेलन 'भारतीय संस्कृति में गो-सेवा का महत्व' विषय पर चर्चा करेंगे। उसके बाद दोनों अतिथि दोपहर 2:10 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल और गुरुकुल कुरुक्षेत्र हरियाणा के संरक्षक डॉ. देवव्रत आचार्य ने जीरो बजट की प्राकृतिक खेती की परिकल्पना को साकार किया है। वे इस योजना को पूरे देश के किसानों तक पहुंचाने में जुटे हैं।
गाय का दूध, अमृत गोबर वरदान : आचार्य देवव्रत
गोरखनाथ मंदिर के ब्रह्मलीन महंत दिग्विजय नाथ समिति सभागार में भारतीय संस्कृति में गौ सेवा का महत्व विषय पर अपने उद्बोधन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि गाय का दूध मनुष्य के लिए अमृत है. वहीं गाय का गोबर खेतों के लिए वरदान भी है। उन्होंने कहा कि मां के बाद गाय ही ऐसा जीव है, जिसका दूध हम सभी के लिए अमृत की तरह पवित्र है। गाय का गोबर हमारे खेतों के लिए ऐसा वरदान है जो उसे उपजाऊ ही नहीं बनाता, बल्कि उत्पादन क्षमता को भी कई गुना बढ़ा देता है।