गोरखपुर शहर की सफाई व्यवस्था ठप होने की कगार पर, आज से हड़ताल
1800 सफाई कर्मचारियों को सितंबर का वेतर अब तक नहीं मिला है। सफाई कर्मचारियों ने कुछ वार्डो में सफाई बंद कर दी है। शनिवार को वह हड़ताल पर रहेंगे।
गोरखपुर (जेएनएन)। त्योहार में भी मानदेय न मिलने से नाराज आउटसोर्सिग के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे दी है। गुरुवार को आधा दर्जन वार्डो में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इस दौरान उन्होंने निगम प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। दूसरी तरफ, रामलीला मैदान (अंधियारीबाग) में सफाई कार्यो का निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त से कर्मचारियों ने विरोध जताया। कर्मचारियों ने कहा, जब तक मानदेय नहीं मिलेगा कार्य नहीं किया जाएगा।
बताते हैं कि करीब 1800 सफाई कर्मचारियों को सितंबर का भी मानदेय नहीं मिला है। शर्तो के मुताबिक संबंधित एजेंसी को सात से लेकर 10 तारीख के बीच कर्मचारियों के खाते में मानदेय भेजना था, लेकिन अब तक एक भी कर्मचारी को मानदेय नहीं मिला है। कुछ वार्डो में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ठेकेदार ने कर्मचारियों को दो-दो हजार रुपये कैश दिया है।
यहां नहीं हुई सफाई
गुरुवार को शिवपुर शहबाजगंज, घोसीपुरवा, जंगल सालिकराम, बशारतपुर और अंधियारीबाग समेत कई वार्डो में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे, इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन भी किया। इस कारण सफाई भी नहीं हुई। शिवपुर शहबाजगंज के पार्षद अफरोज उर्फ गब्बर ने सफाई कर्मियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी मानने को तैयार नहीं थे। कर्मचारियों ने पार्षद से नोकझोंक भी की।
मानदेय न मिलने का कारण बैंक का बंद होना है
अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा का कहना है कि नगर निगम ने ठेकेदार को सफाई कर्मियों के मानदेय का भुगतान कर दिया गया है। ठेकेदार आरटीजीएस के माध्यम से कर्मचारियों के खाते में पैसे ट्रांसफर कराएगा। बैंक बंद होने के कारण मानदेय मिलने में विलंब हो रहा है।