संकल्पित हों परिवार तो रुक जाएगा महिला अपराध : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्र पर कन्याओं और महिलाओं के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे महिला अपराध रुक सकता है।
गोरखपुर (जेएनएन)। शारदीय नवरात्र की नवमी के अवसर पर गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों का समाज में महत्वपूर्ण स्थान है। उनके साथ भेदभाव सत्य के आध्यात्मिक महत्व को नकारना है। जिस समाज में मातृशक्ति का सम्मान होगा, वह समाज संपन्न होगा। वहां पर किसी तरह की कोई संकट नहीं आएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन के लिए कई योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के प्रति भेदभाव और असुरक्षा के माहौल को समाप्त करने का सरकार का लक्ष्य है। यदि प्रत्येक परिवार महिला सुरक्षा के प्रति संकल्पित हो जाए तो महिला अपराध की घटनाएं खुद-ब-खुद रुक जाएंगी। इसके लिए प्रत्येक परिवार को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि जो समाज आदिशक्ति मा भगवती दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का उपासक रहा हो, उसमें अपराध चिंता का विषय हैं। चारों वणरें की कन्याओं का पूजन जब हिन्दू धर्मावलम्बी करता है तो वह चारों वर्णो की एकता से उत्पन्न शक्ति का प्रतीक भी बनता है। सनातन हिन्दू धर्म में कन्याओं का पूजन, शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मा भगवती के प्रति श्रद्धा निवेदित करने का एक अवसर तो होता ही है, ज्ञान, शक्ति, ऐश्वर्य आदि की कामनाओं के लिए भी यह पूजन किया जाता है। नवरात्र की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें बिना भेदभाव के मातृशक्ति के प्रति जागरूक करने का कार्य करता है। यह आध्यात्मिक शक्ति संचय के साथ-साथ सामाजिक एकता से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का पर्व भी है।