Chhath puja अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का जानें शुभ मुहूर्त Gorakhpur News
आचार्य पं. शरदचंद्र मिश्र के अनुसार कार्तिक शुक्ल षष्ठी को पूर्ण उपवास होता है। इस दिन अस्ताचलगामी सूर्य को सायं 5.32 बजे अर्घ्य दिया जाएगा। यह शुभ मुहूर्त है।
गोरखपुर, जेएनएन। छठ पर्व के दूसरे दिन शुक्रवार को खरना श्रद्धा के साथ मनाया गया। महिलाएं दिन भर व्रत रहीं और शाम को रसियाव-रोटी ग्रहण कीं। इसी के साथ छठ का निर्जल व्रत शुरू हो गया। छठ व्रत शनिवार को परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया जा है। व्रती महिलाएं इस दिन निर्जल व्रत हैं। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देंगी। रविवार को प्रात:कालीन सूर्य को अघ्र्य अर्पित कर व्रत तोड़ेंगी।
व्रती महिलाओं ने शुक्रवार को दिन में व्रत रहने के उपरांत शाम को स्वच्छता से धुले स्थान पर चूल्हे को स्थापित कर अक्षत, धूप, दीप व सिंदूर से उसकी पूजा की। इसके बाद प्रसाद के लिए रखे हुए आटे से फुल्के तथा साठी की खीर बनाई। इसे 'रसियाव-रोटी भी कहा जाता है। बाद में चौके में ही 'खरना कीं। यही रसियाव-रोटी खाने के बाद उनका छठ व्रत शुरू हो गया जो रविवार को प्रात:कालीन सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद पूर्ण होगा।
आज सायंकालीन अर्घ्य 5.32 बजे
छठ पर्व के तीसरे दिन कार्तिक शुक्ल षष्ठी को पूर्ण उपवास होता है। इस दिन सायंकालीन सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। आचार्य पं. शरदचंद्र मिश्र के अनुसार यह व्रत दो नवंबर (शुक्रवार) को है। इस दिन अस्ताचलगामी सूर्य को सायं 5.32 बजे अर्घ्य दिया जाएगा।
प्रात:कालीन अर्घ्य कल 6.29 बजे
षष्ठी व्रत की पूर्णाहुति चतुर्थ दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होती है। तीन नवंबर (रविवार) को प्रात:कालीन सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा। इस दिन सूर्योदय 6:29 बजे है, इसी समय प्रात:कालीन अर्घ्य दिया जाएगा। अघ्र्य देने के बाद व्रती महिलाएं पारण करेंगी। इसी दिन छठ माता की प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी।
छठ पर शहर का यातायात बदला
छठ पर्व के दिन व्रती महिलाओं के साथ ही श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। दो नवंबर को दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक और तीन नवंबर की सुबह तीन बजे से सुबह 10 बजे तक छठ पूजा स्थल तक किसी भी तरह के वाहनों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। तीन नवंबर को छठ माता की 65 मूर्तियों का विसर्जन भी होगा। शहर में एसपी (सिटी) और देहात में शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी एसपी (उत्तरी) व एसपी (साउथ) को दी गई है।
दो दिन इधर से वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक
छठ पर्व को देखते हुए शहर के कई सड़कों पर दो दिन के लिए वाहनों से आवागमन पर रोक लगा दी गई है। इसमें हाबर्ट बंधा तिराहे से हनुमानगढ़ी, तकियाघाट की तरफ वाहन लेकर जाने मे मनाही है। इसी तरह से लालडिग्गी चौराहे से पुरानी मछली मंडी होते हुए बंधे की तरफ, मिर्जापुर चौराहा से हाबर्ट बंधे की तरफ और सूरजकुंड रेलवे क्रासिंग से मानसरोवर सूरजकुंड की तरफ वाहन लेकर जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। गोरखनाथ ओवरब्रिज की तरफ से मंदिर और बाजार की तरफ, हुमायूंपुर रेलवे क्रासिंग से गोरखनाथ मंदिर और बाजार की तरफ, हुमायूंपुर रेलवे क्रासिंग से जगेसर पासी चौराहा और वहां से गोरखनाथ मंदिर की तरफ, कौडिय़हवा मोड़ तिराहे से गोरखनाथ मंदिर की तरफ और नौसढ़ चौराहे से टीपी नगर तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।