विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चारधाम यात्रा पर साइबर ठगों की नजर, बुकिंग से पहले रहें अलर्ट; आकर्षक पैकेज देकर ऐसे लगा रहे चूना

Published: Mon, 23 Mar 2026 07:21 PM (IST)

चारधाम यात्रा के नाम पर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं, जो आकर्षक पैकेज और छूट का लालच देकर लोगों ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अरुण मुन्ना, गोरखपुर। चारधाम यात्रा की त्वरित बुकिंग कराने पर आकर्षक पैकेज और छूट वाले लिंक पर भरोसा करना जनप्रिय विहार कालोनी के वैद्यनाथ सिंह को महंगा पड़ गया। टिकट बुकिंग तो हुई नहीं, उलटे जालसाजों 36 हजार रुपये ठग लिए।

वैद्यनाथ की तरह और भी हैं, जो आकर्षक पैकेज के झांसे में आकर ठगी का शिकार हुए। इससे साफ है कि साइबर ठगों ने चारधाम यात्रा के नाम पर ठगी का जाल फैला दिया है। इसे लेकर गृह मंत्रालय की ओर से साइबर दोस्त हैंडल ने एक्स पर अलर्ट भी जारी किया है।

19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर फर्जी ट्रैवल एजेंसियों के बुकिंग लिंक की बाढ़ आ गई है। जालसाज सस्ते पैकेज, वीआइपी दर्शन और हेलीकाप्टर सेवा का लालच देकर लोगों को फंसा रहे हैं।

सरकारी पोर्टल जैसा इंटरफेस किया तैयार 

साइबर कमांडो उपेंद्र सिंह के अनुसार, ठगों ने सरकारी पोर्टल जैसा ही इंटरफेस तैयार कर लिया है, जिससे आम लोग धोखा खा जा रहे हैं। जालसाज पहले इंटरनेट मीडिया पर विज्ञापन डालते हैं, फिर वाट्सएप या काल के जरिये संपर्क कर एडवांस भुगतान की मांग करते हैं। भुगतान होते ही उनका नंबर बंद हो जाता है या वे संपर्क से बाहर हो जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- चार धाम यात्रा पंजीकरण से छंटेंगे गैर सनातनी, बदरी-केदार में नहीं मिलेगा प्रवेश

उत्तराखंड सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा, जानकारी और पंजीकरण के लिए आधिकारिक वेबसाइट ‘टूरिस्ट केयर उत्तराखंड’ और मोबाइल एप की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसी का उपयोग करना चाहिए।

होटल और हेलीकाप्टर के नाम पर करते शिकार

यात्रा के दौरान होटल और हेलीकाप्टर की बुकिंग के नाम पर साइबर जालसाज लोगों को ज्यादा शिकार बनाते हैं। साइबर कमांडो दिलीप द्विवेदी बताते हैं 2025 में एक दंपती ने यात्रा के लिए होटल और हेलीकाप्टर से सात दिन का पैकेज बुक कराया। इसके बदले में 25 हजार रुपये भुगतान कर दिया। यात्रा की तिथि नजदीक आने पर संपर्क नंबर बंद बताने लगा। बाद में बुकिंग वाली साइट भी इंटरनेट से गायब हो गई।

चारधाम यात्रा पंजीकरण की अधिकृत वेबसाइट

  • वेबसाइट- registrationandtouristcare.uk.gov.in
  • मोबाइल एप- Tourist Care Uttarakhand
  • टालफ्री नंबर : 1364, 0135-3520100
  • केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए हवाई टिकट बुकिंग की अधिकृत वेबसाइट- heliyatra.irctc.co.in

हेलीकाप्टर, होटल और टैक्सी की बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी होती है। 2025 में उत्तराखंड पुलिस ने इस तरह की प्रचार सामग्री परोसने वाले 40 से अधिक फेसबुक विज्ञापन बंद कराए। 70 से अधिक फर्जी वेबसाइट को ब्लाक कराया था। बुकिंग आइआरसीटीसी सहित अधिकृत वेबसाइट से ही कराएं। - सुधीर कुमार जायसवाल, एसपी क्राइम, गोरखपुर