गोरखपुर में झमाझम बारिश, अभी और बढ़ेगी ठंड Gorakhpur News
गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बूंदाबादी और शुक्रवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।
गोरखपुर, जेएनएन। गुरुवार को गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बूंदाबांदी के बाद गुरुवार की रात से लेकर शुुुुक्रवार सुुुुुुबह तक झमाझम बारिश हुई। शुुुुुुुक्रवार को दोपहर तक बारिश होने के बाद ठंड बढ़ गई। विशेषज्ञों के अनुसार ठंड अभी और बढ़ेगी।
गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी
बुधवार को धूप होने के बाद गुरुवार को कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदा बांदी के बाद मौसम बदल गया। पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में बूंदाबादी हुई। गोरखपुर में सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। बदली के बीच ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
गोरखपुर इन्वायरमेंटल एक्शन ग्रुप के मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि एक अध्ययन के मुताबिक शुक्रवार को गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में करीब सात मिलीमीटर बारिश होने के आसार हैं। बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है।
बुधवार को खिली रही धूप
उधर, मकर संक्रांति के दिन की शुरुआत घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ हुई। लगा कि मौसम के इसी माहौल में पर्व को मनाना पड़ेगा। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा कोहरा छटता गया और धूप की चमक बढ़ती गई। दोपहर के 12 बजते-बजते चमकदार धूप निकल गई, इसके चलते गोरखपुर का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मंगलवार को यह 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। सुबह के कोहरे के चलते बुधवार का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
बादलों ने गिराया अधिकतम तापमान
बादलों की वजह से गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया। यह 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि बुधवार का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि बादलों ने न्यूनतम तापमान को दो डिग्री सेल्सियस बढ़ा दिया। बुधवार को जो न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, बुधवार हो वह बढ़कर 11.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।