चंद्र दर्शन, गणपति पूजन कर मागी संतान की लंबी उम्र
गोरखपुर : संकष्टी गणेश चतुर्थी व्रत शुक्रवार को परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया
गोरखपुर : संकष्टी गणेश चतुर्थी व्रत शुक्रवार को परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया। माताएं व्रत रहीं तथा चंद्र दर्शन व गणपति पूजन कर संतान की लंबी उम्र की कामना की। घरों में तिल व चावल के लड्डू बनाकर गणपति को अर्पित किए गए।
सुबह घरों की साफ-सफाई की गई। व्रती महिलाओं ने तिल युक्तजल से स्नान किया। इसके बाद निर्जल व्रत का संकल्प कर आदि देव भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। दिन में तिल व चावल के लड्डू बांधे व बांटे गए। शाम को चंद्रदर्शन करने के बाद व्रती महिलाओं ने पुन: भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की तथा चंद्रमा व गणेशजी को अर्घ्य अर्पित कर मंगल कामना की। गणेशजी को तीन, तिथि को तीन व चंद्रमा को श्वेत चंदन व तिल युक्त जल से सात अर्घ्य दिए गए। भगवान गणेश को तिल का लड्डू, गंजी व सुथनी अर्पित की। पूजन-अर्चन के बाद गंजी, सुथनी आदि का फलाहार किया और जल ग्रहण किया। पूरे दिन माहौल भक्ति से ओतप्रोत रहा। आस्था व भक्ति के साथ व्रती महिलाओं ने विघ्न-बाधाओं को दूर करने के लिए पूरा दिन भगवान गणेश को स्मरण करते हुए बिताया। बच्चों ने तिल व चावल का लड्डू खाया और मौज किए।