कुलाधिपति ने कहा-दुनिया को बदलने के लिए शिक्षा सबसे शक्तिशली हथियार Gorakhpur News
आनंदी बेन पटेल ने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए बुद्ध के सामाजिक समरसता के संदेश को भी ग्रहण करना होगा। बुद्ध ने शिक्षा को सबसे शक्तिशाली हथियार बताया है जो दुनिया को बदल सकते हैं
गोरखपुर, जेएनएन। राज्यपाल व कुलाधिपति आंनदी बेन पटेल ने आह्वान किया है कि छात्र महाविद्यालय से अर्जित ज्ञान राष्ट्र व समाज को समर्पित करें। नए भारत के निर्माण में छात्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए हर वक्त तैयार रहें। कुलाधिपति गुरुवार को कुशीनगर के बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय के दीक्षा समारोह को संबोधित कर रही थीं।
आनंदी बेन पटेल ने दिया उदाहरण
आनंदी बेन पटेल ने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए बुद्ध के सामाजिक समरसता के संदेश को भी ग्रहण करना होगा। बुद्ध ने शिक्षा को सबसे शक्तिशाली हथियार बताया है, जो दुनिया को बदल सकते हैं। नेल्सन मंडेला ने भी मनुष्य के जीवन का आयाम व लक्ष्य तक पहुंचने का मार्ग में शिक्षा ही महत्वपूर्ण हथियार बताया। कुलाधिपति बोलीं कि छात्रों को अधिकार के ज्ञान के साथ-साथ कर्तव्य पालन का भी भाव होना चाहिए। अधिकार कर्तव्य एक दूसरे के पूरक हैं।
शिक्षा कर्त्तव्यमुखी होनी चाहिए
राज्यपाल ने शिक्षा को कर्तव्य मुखी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों के सक्रिय योगदान देने पर ही राष्ट्र का भविष्य निर्भर करता है। इसके लिए संजीदगी आवश्यक है। युवा वर्ग के सामने समस्याओं से जूझने की भी चुनौती है। युवा वर्ग को दृढ़ संकल्प के साथ आगे आना होगा और समस्याओं से जूझकर विपरीत धाराओं का रुख मोड़ना होगा। इसके पूर्व समारोह को कुलपति, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने भी संबोधित किया। प्राचार्य डॉ. अमृतांशु शुक्ल ने राज्यपाल को बुकें, अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया।
एनसीसी कैडेट्स दिया गाड आफ आनर
परिसर में एनसीसी कैडेट्स ने परेड कमांडर ले. वेद प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सांसद विजय दूबे, विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, गंगा सिंह कुशवाहा, जटाशंकर त्रिपाठी, पवन केडिया, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त विभ्राटचन्द कौशिक, भदन्त ज्ञानेश्वर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचन्द्र मिश्र समेत कालेज के शिक्षक,छात्र व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।