ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, जानें-क्या था मामला Gorakhpur News
छेड़खानी से आजिज ग्रामीणों ने गुरुवार को थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने युवती की मां की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज की तब ग्रामीण शांत हुए।
गोरखपुर, जेएनएन। कुशीनगर, जिले के कसया थानाक्षेत्र के गांव खेसारी गिदहां में छेड़खानी से आजिज ग्रामीणों ने गुरुवार को थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने युवती की मां की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज की तब ग्रामीण शांत हुए। तहरीर के मुताबिक इसी थानाक्षेत्र के एक गांव से युवती अपने ननिहाल आई हुई है। आरोप है कि ग्रामवासी मो. रफी पुत्र जाकिर व विनोद कनौजिया लगभग एक सप्ताह से युवती के साथ छेड़खानी व अश्लील टिप्पणी करते आ रहे हैं। आरोपितों के परिजनों को इस बारे में जानकारी दी गई, पर दोनो के परिजन झगड़ा और मारपीट करने पर उतारू हो गए। उसके बाद पूरे गांव के लोग एकजुट हुए और विरोध में सुबह लगभग कसया थाना पहुंच गए। वहां पर नारेबाजी करते हुए ग्रामीण प्रदर्शन करने लगे। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छेड़खानी व दलित उत्पीड़न के तहत मुकदमा दर्ज किया। तब जाकर ग्रामीण माने। एसएओ ज्ञानेंद्र राय ने कहा कि मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विधायक ने एसपी से की वार्ता
थाने पर जाने से पहले खेसारी गिदहां की पीड़ित महिलाएं गुरुवार को सुबह भाजपा विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी के आवास पर पहुंचीं। उनका कहना था कि आए दिन कुछ युवक हम लोगों के साथ छेड़खानी व अभद्र व्यवहार करते हैं। उसमें से कुछ युवकों का संबंध एक प्रभावशाली व्यक्ति से है। उक्त युवकों के विरुद्ध जब कोई शिकायत थाने पर की जाती है, तो प्रभावशाली व्यक्ति का फोन थाने पर आ जाता है। इस कारण पुलिस कार्रवाई से परहेज करती है। इस तरह की घटनाएं अनेक हो चुकी हैं। विधायक ने तत्काल एसएचओ और एसपी से वार्ता कर न्याय संगत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।