देवरिया में अनुपस्थित कार्मिकों के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा: डीएम
डीएम ने कहा कि मतदान कार्य को टीम भावना व मनोयोग से पूरा कराएंगे। जिसे जो जिम्मेदारी दी गई है उसका पालन कराएंगे। किसी प्रकार की कोई चूक नहीं होनी चाहिए। चुनाव कार्य एक महायज्ञ की तरह होता है। इसमें सभी के योगदान की आवश्यकता होती है।
देवरिया: टाउनहाल व विकास भवन परिसर में रविवार को दूसरे दिन भी मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। डीएम आशुतोष निरंजन आडिटोरियम के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले मतदान कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही एक दिन का वेतन रोका जाएगा। उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
डीएम ने कहा कि मतदान कार्य को टीम भावना व मनोयोग से पूरा कराएंगे। जिसे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पालन कराएंगे। किसी प्रकार की कोई चूक नहीं होनी चाहिए। चुनाव कार्य एक महायज्ञ की तरह होता है। इसमें सभी के योगदान की आवश्यकता होती है। इसलिए इसे सफल बनाने में सभी बढ चढ कर अपनी भागीदारी निभाएं। बूथों पर आवश्यक प्रबंध मानक के अनुसार कराएंगे। मतपेटिका को टीम भावना के साथ जमा कराने का कार्य करेंगे। लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। बर्खास्तगी की कार्रवाई भी हो सकती है। एसपी डा. श्रीपति मिश्र ने कहा कि यह चुनाव चुनौतीपूर्ण है। कोविड 19 के प्रावधानों का भी पालन कराया जाना है। कोई भी मतदान कर्मी किसी का आतिथ्य स्वीकार नही करेंगे। शासकीय व्यवस्थाओं के तहत अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। प्रशिक्षण में जितनी अच्छी जानकारी ग्रहण करेंगे। उतना ही अच्छा मतदान कार्य सम्पन्न होगा। उन्होंने कहा कि आप सभी की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। सुरक्षा का पुख्ता इन्तजाम व पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। इसलिए सभी कार्मिक निष्पक्ष व स्वतंत्र होकर मतदान कार्य कराएंगे। प्रशिक्षक निशेष गुप्ता ने पंचायत चुनाव की प्रक्रियाओं से अवगत कराया। इस दौरान सीडीओ शिव शरणप्पा जीएन, जिला विकास अधिकारी श्रवण राय, बीएसए संतोष राय, डीएसटीओ मनोज श्रीवास्तव, पीडी संजय पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद त्रिपाठी, बीरबल राम आदि मौजूद रहे। एक व्यक्ति की ड्यूटी दो जगह लगाई गई
देवरिया: चुनाव ड्यूटी लगाने में गड़बड़ी सामने आने लगी है। कई कर्मचारियों की ड्यूटी दो जगह लगा दी गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भलुअनी में तैनात स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुरेंद्र सिंह की ड्यूटी पहले पीठासीन अधिकारी के रूप में लगाई गई है। उन्होंने शनिवार को टाउनहाल में कक्ष संख्या आठ में प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। रविवार को उनकी ड्यूटी सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में लगा दी गई है।