लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा, प्रियंका को आगे कर कांग्रेस ने साबित किया कि राहुल फेल हुए
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बुधवार को कहाकि आम चुनाव में कांग्रेस ने प्रियंका को आगे करके साबित कर दिया है कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी फेल हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बुधवार को कहाकि आम चुनाव में कांग्रेस ने प्रियंका को आगे करके साबित कर दिया है कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी फेल हैं। कहा कि भाजपा चुनाव में सर्जिकल स्ट्राइक का लाभ नहीं लेगी। पार्टी ने सर्जिकल स्ट्राइक की चर्चा ही नहीं की बल्कि पाकिस्तान ने ही ट्विट करके दुनिया को बताया। विपक्ष यदि सेना के शौर्य पर प्रश्न चिह्न लगाता है तो जवाब तो देना ही पड़ेगा।
बुधवार को कुशीनगर में एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने आए बाजपेई मीडिया से रूबरू थे। महागठबंधन के बारे में उन्होंने कहा कि महागठबंधन में शामिल दल मेरिट पर नहीं बल्कि जातीय आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस चुनाव में जातिवाद और बढ़ेगा। कहाकि सभी विपक्षी दलों ने मोदी को रोकने के लिए नारा दिया है, लेकिन राष्ट्रहित में मोदी देश की आवश्यकता हैं।
कहा कि अन्य पार्टियों के पास परोसने के लिए कुछ नहीं है। भाजपा में प्रत्याशी चयन में विलंब इसलिए होता है कि उसकी मेरिट तय की जाती है। सांसदों की मेरिट तय करने के लिए तमाम श्रोत हैं। जिन्हें टिकट मिलेगा कार्यकर्ता उसके साथ रहेंगे।