बुद्धा टावर बना सेल्फी प्वाइंट, पार्कों की लौटेगी रौनक
नगर के पार्कों में रौनक जल्द ही लौटेगी। नगर पालिका प्रशासन ने इसके लिए पहल शुरू की है। 70 लाख रुपये में तीन पार्क का कायाकल्प किया जा रहा है। इसमें फाउंटेन (तालाब में फौव्वारा) ओपेन जिम व झूला लग रहा है। पार्क को सुरक्षित रखने के चहारदीवारी का निर्माण हो रहा है।
सिद्धार्थनगर : नगर के पार्कों में रौनक जल्द ही लौटेगी। नगर पालिका प्रशासन ने इसके लिए पहल शुरू की है। 70 लाख रुपये में तीन पार्क का कायाकल्प किया जा रहा है। इसमें फाउंटेन (तालाब में फौव्वारा), ओपेन जिम व झूला लग रहा है। पार्क को सुरक्षित रखने के चहारदीवारी का निर्माण हो रहा है। वहीं ककरहवा हाईवे पर पुरानी नौगढ़ तिराहा पर पेरिस के एफिल टावर की तर्ज पर बना बुद्धा टावर सेल्फी प्वाइंट बन गया है। बुद्धा टावर की इसकी लाइटिग लोगों को आकर्षित कर रही है। शाम होने के साथ ही युवा यहां जुट रहे हैं। सेल्फी खींच फोटो को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट भी कर रहे हैं।
नगर पालिका ने अशोक मार्ग पर स्थित वन विभाग के बुद्धा पार्क के जीर्णोद्वार कराने का बीड़ा उठाया है। वन विभाग से अनापत्ति पत्र लेने के बाद चहारदीवारी निर्माण शुरू कर दिया है। बुद्धा पार्क में 20 लाख की लागत से शौचालय, झूला, ओपेन जिम, लाइटिग व फाउंटेन लगाया जाएगा। यहां स्थित तालाब में पैडल वोटिग की व्यवस्था भी की जाएगी। राहुल नगर वार्ड में स्थित आंबेडकर पार्क का भी जीर्णोद्वार कार्य प्रारंभ हो गया है। यहां पर भी 20 लाख की लागत से चहारदीवारी निर्माण, झूला, ओपेन जिम, शौचालय बनाया जा रहा है। डा. आंबेडकर की प्रतिमा भी लगाई जाएगी। पुरानी नौगढ़ के पश्चिम गोला वार्ड में स्थित भगत सिंह पार्क में 30 लाख की लागत से जीर्णोद्वार कार्य कराया जा रहा है। यहां ओपेन जिम, झूला व फाउंटेन लगा दिए गए हैं। मनकामेश्वर तालाब में पैडल वोट भी मंगा दी गई है। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में पड़ने वाले पार्क व तालाब के जीर्णोद्वार का कार्य कराया जा रहा है। नगर निवासियों को इस आपाधापी भरे जीवन में सुकून के कुछ पल देने का काम किया जा रहा है। स्वच्छ वातावरण में लोग टहलेंगे। बच्चो के मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।