गोरखपुर के पोहिला गांव में शिव मंदिर में बुद्ध प्रतिमा मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर के पोहिला गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में बरगद के पेड़ के नीचे बुद्ध की एक प्रतिमा मिली है। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शिव मंदिर परिसर में बरगद के पेड़ के नीचे बुद्ध की प्रतिमा रखे जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। जानकारी होने पर कुछ ने इसका विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रतिमा रखे जाने का समर्थन कर रहे ग्रामीणों को समझाकर उसे अपने कब्जे में ले लिया और बड़हलगंज थाने लेकर चली आई। अब पुलिस यह जानने में जुटी है कि प्रतिमा रखे जाने के पीछे का मकसद क्या है।
यह है पूरा मामला
ग्राम पंचायत पोहिला के प्रशासक उमेश यादव ने बताया कि गांव के दो लोग शनिवार सुबह शिव मंदिर की ओर गए थे। मंदिर के पास से सरयू नदी का एक नाला गुजरता है। दोनों ने नाले में पड़ी बुद्ध की प्रतिमा देखी। उन्होंने प्रतिमा को वहां से उठाकर मंदिर परिसर में बरगद के पेड़ के नीचे रख दिया।
प्रतिमा मंदिर परिसर में रखे जाने की जानकारी होते ही गांव में अलग-अलग चर्चाएं होने लगीं। ग्रामीण इसका विरोध करने लगे। इसी बीच गांव के एक युवक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस से ग्रामीणों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
थाने का प्रभार देख रहे अपराध इंस्पेक्टर विनय कुमार यादव ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। प्रतिमा को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर रखा गया है। प्रतिमा कहां से आई और मंदिर परिसर में रखने के पीछे क्या मंशा थी, इसकी जांच की जा रही है।
