मौत के बाद खुला राज, जमीन भी ले ली और भीख मांगने को छोड़ दिया
जिन भतीजों को उसने फ्री में अपनी कीमती जमीन दे दी थी, उन्होंने उसे भोजन-पानी देना बंद कर दिया। वह वृद्ध महिला भीख मांगने लगी।
गोरखपुर (जेएनएन)। भतीजों ने अपनी सगी चाची की डेढ़ एकड़ की कीमती जमीन ले ली। उसके बाद उसे भीख मांगने के लिए छोड़ दिया। मंगलवार को वृद्धा की सड़ी लाश गन्ने के खेत में मिली। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
वाकया महराजगंज जिले के निचलौल थाना अंतर्गत ग्राम सभा रुदरौली का है। गांव निवासी 70 वर्षीय जोन्हा देवी के पास दो गांवों में तीन एकड़ भूमि थी। जोन्हा देवी ने डेढ़ एकड़ भूमि अपनी बेटी मौसमी को रजिस्ट्री कर दी थी और शेष बची डेढ़ एकड़ भूमि डेढ़ वर्ष पहले चार भतीजों को दे दी थी। शर्त यह था कि वह जोन्हा देवी को भोजन और कपड़ा देने के साथ देखभाल भी करेंगे। रुदरौली के ग्रामीणों के अनुसार भूमि पर काबिज होने के बाद भतीजों ने कुछ माह जोन्हा देवी की देखभाल की। इसके बाद किनारा कर लिया। गांव के लोगों के डांटने-फटकारने पर भतीजे कभी-कभार जोन्हा देवी के लिए भोजन की व्यवस्था कर देते थे। करीब एक साल पहले भतीजों ने भोजन की व्यवस्था पूरी तरह से बंद कर दी। शारीरिक रूप से कमजोर 70 वर्षीय जोन्हा देवी को जब कुछ नहीं सूझा तो वह भिक्षाटन कर रोटी की जुगाड़ करने लगीं। प्रतिदिन सुबह भिक्षाटन के लिए निकलतीं और शाम तक वापस लौट आतीं थीं। भिक्षाटन का यह कार्य वह पिछले एक साल से कर रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि 15 अक्टूबर को सुबह घर से निकलीं जोन्हा देवी शाम तक नहीं लौटीं तो उनकी तलाश शुरू हुई। भतीजे रामाश्रय, रामप्रीत, वीरेंद्र एवं सुरेश के अनुसार चाची की तलाश कई दिन तक की गई पर पता नहीं चला तो चुप बैठ गए। आश्चर्यजनक बात यह है कि डेढ़ एकड़ की भूमि लेने वाले भतीजों ने वृद्ध महिला के रहस्यमय हालात में गायब होने की सूचना तक थाना पुलिस को नहीं दी। उन्हें लगा कि जोन्हा देवी के गायब होने से उनकी मन की मुराद पूरी हो गई।
दुखद बात यह है कि जमीन हड़प कर भीख मांगने के लिए वृद्धा को छोड़ देने वाले रामाश्रय सहित दो भतीजों ने चाची जोन्हा को अर्ध विक्षिप्त भी बता दिया। घर से गायब होने के दो सप्ताह बाद जोन्हा देवी की सड़ी लाश मंगलवार को गन्ने के खेत से बरामद हुई तो लोग दहल उठे। कतिपय ग्रामीणों ने महिला की मौत का कारण जमीन-जायदाद का लोभ बताया है। ग्रामीणों की माने तो जोन्हा देवी के साथ बहुत अन्याय हुआ। निचलौल के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र मिश्र ने कहा कि पुलिस जमीन-जायदाद को केंद्र में रख कर जांच कर रही है। शरीर पर जाहिरा चोट के निशान न मिलने से पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मृत महिला की बेटी मौसमी के बयान के बाद ही किसी से रंजिश आदि होने की जानकारी मिल सकेगी।