छत की कुंडी से लटकता मिला बीए की छात्रा का शव Gorakhpur News
रामपुर निवासिनी 20 वर्षीया रेखा गुप्ता थाना क्षेत्र के एक महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। दोपहर करीब 12 बजे घर पर छत की कुंडी से रेखा का लटकता शव देखकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
गोरखपुर, जेएनएन। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर गांव निवासी तारकेश्वर गुप्ता की बेटी रेखा गुप्ता का शव दोपहर छत की कुंडी से लटकता पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामपुर निवासिनी 20 वर्षीया रेखा गुप्ता थाना क्षेत्र के एक महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। दोपहर करीब 12 बजे घर पर छत की कुंडी से उसका लटकता शव देखकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन ने बताया कि रेखा सुबह करीब 10 बजे बड़े भाई विजय गुप्ता को भोजन कराकर ऊपर वाले कमरे में गई थी। बड़े भाई से उसने बताया था कि उसे कटसहरा बैंक पर जाना है। इसके बाद वह मकान के दूसरे मंजिल पर चली गई।
रेखा के पिता भैसहिया चौराहे पर निजी मकान बनवा कर साइकिल बनाने का कार्य करते हैं। घटना के समय घर पर सिर्फ महिलाएं थीं। घटना की सूचना मिलते ही सीओ खजनी योगेंद्र कृष्ण नारायण, थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार सिंह हमराहियों के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मृतका दो भाइयों की इकलौती बहन थी। थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार सिंह का कहना है कि मृतका के भाई विजय गुप्ता ने आत्महत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में चाचा को भेजा जेल
चिलुआताल पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। आरोपित पर आरोप है कि उसने अपनी भतीजी के साथ दुष्कर्म किया। चिलुआताल थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि 9 दिसंबर की रात में वह अपनी नाबालिग पुत्री के साथ गांव के बगल में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गया था। वहां देर होने पर उसकी पुत्री घर जाने के लिए जिद करने लगी। इससे उसने अपने छोटे भाई के साथ बेटी को घर भेज दिया। रात में जब वह घर पहुंचा तो पता चला कि उसकी बेटी व छोटा भाई घर नहीं पहुंचे हैं। बाद में घर से कुछ दूरी पर बेटी अर्धनग्न अवस्था में बदहवास मिली। उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। उसके पिता की तहरीर पर पुलिस आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी छानबीन में जुट गई। पुलिस आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी थी।