गोरखपुर में भाजपा का ब्राह्मण कार्ड, क्षेत्रीय टीम में 10 ब्राह्मण चेहरे
भाजपा ने गोरखपुर में नई क्षेत्रीय टीम की घोषणा की है, जिसमें चुनावी समीकरण साधने के लिए जातीय संतुलन पर ...और पढ़ें

टीम से साधा गया जातीय समीकरण, चुनावी संतुलन पर नजर। जागरण
HighLights
10 ब्राह्मण चेहरों को टीम में शामिल कर ब्राह्मण कार्ड खेला।
चार कायस्थ और पिछड़े वर्ग के नेताओं को भी मिला प्रतिनिधित्व।
गोरखपुर से सर्वाधिक आठ कार्यकर्ताओं को क्षेत्रीय टीम में जगह।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की नई क्षेत्रीय टीम की घोषणा के साथ ही संगठन में चुनावी दृष्टि से सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों की तस्वीर साफ हुई है। प्रदेश अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद घोषित 39 सदस्यीय टीम में विभिन्न जातीय समूहों को प्रतिनिधित्व देकर आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई देती है। 10 ब्राह्मण चेहरों को टीम में शामिल कर भाजपा नेतृत्व ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति को देखते हुए सपा के ब्राह्मण कार्ड की सियासत को चुनौती देने की कोशिश की है।
चार कायस्थ कार्यकर्ता भी टीम का हिस्सा हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि चार क्षेत्रीय महामंत्री पदों में दो पर कायस्थ चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। पिछली टीम के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा. सत्येंद्र सिन्हा को प्रमोशन देते हुए क्षेत्रीय महामंत्री बनाया गया है। पूर्व महानगर अध्यक्ष और वर्तमान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल श्रीवास्तव को भी महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी रहे डा. बच्चा पांडेय नवीन महामंत्री की सूची में ब्राह्मण चेहरा है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के भास्कर निषाद को महामंत्री बनाना भी संगठन के सामाजिक विस्तार की रणनीति का संकेत है।
क्षेत्रीय टीम में गोरखपुर से सर्वाधिक आठ कार्यकर्ताओं को जगह मिली है। पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह और पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाकर पुराने संगठनात्मक अनुभव को भी महत्व दिया गया है। किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय को मुख्य संगठन में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर मुख्यधारा में लाया गया है। युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत राय बड़े को भी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
टीम में वैश्य, सैंथवार, कुशवाहा, बेलदार, कुर्मी, अग्रहरी और भूमिहार समाज को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। ऐसे में टीम गठन को केवल संगठनात्मक फेरबदल के बजाय चुनावी सामाजिक समीकरणों को साधने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है। भाजपा के लिए पूर्वांचल की राजनीति में अलग-अलग सामाजिक समूहों का समर्थन महत्वपूर्ण रहा है। नई टीम में विभिन्न वर्गों को पद देकर संगठन ने व्यापक सामाजिक पहुंच का संदेश देने की कोशिश की है।
हालांकि 39 सदस्यीय टीम में किसी यादव कार्यकर्ता को जगह नहीं मिल सकी है। यह अनुपस्थिति राजनीतिक नजरिये से चर्चा का विषय बन सकती है। खासकर तब जब चुनावी राजनीति में पिछड़े वर्गों के बीच सामाजिक पहुंच लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। नई टीम में महिलाओं की भागीदारी सीमित है। केवल दो महिलाओं को स्थान मिला है। सुनीता अग्रहरी को क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया है, जबकि नेहामणि आर्य को कार्यसमिति सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है।
कुल मिलाकर टीम में अनुभव, संगठनात्मक सक्रियता, सामाजिक प्रतिनिधित्व और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश दिखाई देती है। अब इस टीम की असली परीक्षा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनाव में इन सामाजिक समीकरणों को प्रभावी राजनीतिक समर्थन में बदलने की होगी।
भाजपा की नई क्षेत्रीय टीम
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष : राधेश्याम पांडेय, संजीव राय, हरिचरण कुशवाहा, रणजीत राय बड़े, अरजीत सिंह, युधिष्ठिर सिंह, राजेश गुप्ता, कृष्ण गोपाल जायसवाल, जयप्रकाश शाही व राजेंद्र प्रसाद पांडेय
महामंत्री : डा. सत्येंद्र सिन्हा, डा. बच्चा पांडेय नवीन, भास्कर निषाद व राहुल श्रीवास्तव
क्षेत्रीय मंत्री : रणविजय चौहान, राजेश पाल चौधरी, हरिकेश गुप्ता, कन्हैया पासवान, डा. बब्बू प्रसाद बेलदार, वैभव पांडेय, सिद्धार्थ शंकर पांडेय, ध्रुव श्रीवास्तव, सुनीता अग्रहरी व बृजेेश राम त्रिपाठी
कार्यसमिति सदस्य : सुनील गुप्ता, अनिल कुमार श्रीवास्तव, सेतुभान राय, लालजी त्रिपाठी, सज्जन मणि त्रिपाठी, सिद्धार्थ शंकर मिश्र, नेहामणि आर्य, मनीष सिंह, श्रीकृष्ण सिंह किशन, अंबुज शाही, रामपाल सिंह, डा. आरडी सिंह, नवनीत नंदन मिश्र व अंशुमान जायसवाल
