Move to Jagran APP

पुरानों को सहेज नए सदस्य जोड़ेगी भाजपा, यूपी में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाएगी पार्टी

भाजपा अपने मोर्चों प्रकोष्ठों और विभागों के गठन के बाद अब जन-जन को पार्टी से जोड़ने का अभियान छेड़ने जा रही है। इस अभियान का लक्ष्य नए कार्यकर्ता बनाना तो है ही उन पुराने कार्यकर्ताओं को सहेजना भी है जो किन्ही वजहों से पार्टी गतिविधियों से दूर हो गए हैं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Wed, 15 Sep 2021 07:40 AM (IST)Updated: Wed, 15 Sep 2021 07:40 AM (IST)
पुरानों को सहेज नए सदस्य जोड़ेगी भाजपा, यूपी में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाएगी पार्टी
भाजपा नए लोगों को पार्टी से जोड़ने के ल‍िए फ‍िर सदस्‍यता अभियान शुरू करने जा रही है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, डा. राकेश राय। कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाने के क्रम में मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के गठन के बाद भाजपा अब जन-जन को पार्टी से जोड़ने का अभियान छेड़ने जा रही है। इस अभियान का लक्ष्य नए कार्यकर्ता बनाना तो है ही, उन पुराने कार्यकर्ताओं को सहेजना भी है, जो किन्ही वजहों से पार्टी गतिविधियों से दूर हो गए हैं। अभियान को सफल बनाने में कोई चूक न होने पाए, इसके लिए बाकायदा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रदेश और क्षेत्र स्तर पर कार्यशाला आयोजित हो चुकी है। 16 सितंबर को जिले स्तर की कार्यशालाओं के आयोजन की तैयारी है। इस अभियान से प्रदेश में करीब डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने की पार्टी की योजना है। इसी आंकड़े के आधार पर क्षेत्र और जिले का लक्ष्य भी तय किया जाएगा।

loksabha election banner

सदस्यता अभियान के लिए घर-घर पहुंचने की है योजना

सदस्यता के लिए पार्टी की ओर से तीन स्तर पर अभियान चलाने को कहा गया है। पहले स्तर पर जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में कैंप लगाकर सदस्यता अभियान चलाएंगे। पूरी कोशिश होगी कि क्षेत्र के अधिकतम नागरिक भाजपा के सदस्य हों। दूसरे स्तर मोर्चो, प्रकोष्ठों और विभागों के जिम्मे होगा। वह अपने-अपने कार्यक्षेत्र के लोगों की अधिकतम सदस्यता सुनिश्चित करेंगे। अंतिम स्तर पर बूथ आधारित सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिसे सफल बनाने की जिम्मेदारी मूल संगठन के पदाधिकारियों पर होगी। इसमें पदाधिकारियों के साथ घर-घर जाएंगे और भाजपा की खूबियां बताकर लोगों को सदस्य बनाएंगे। यह अभियान एक तरह का संपर्क अभियान भी होगा, जिसमें पार्टी पदाधिकारी लोगों से संपर्क कर पार्टी के पक्ष में जनमत तैयार करेंगे। चुनावी दृष्टि पार्टी इस अभियान को बेहद महत्वपूर्ण मान रही है।

मिस्ड काल से बनाएंगे सदस्य

सदस्यता अभियान के लिए पार्टी की ओर से एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा। इस नंबर पर डायल करते ही व्यक्ति को तत्काल भाजपा की सदस्यता मिल जाएगी। मिस्ड काल का इस्तेमाल केवल नए कार्यकर्ताओं के लिए ही नहीं किया जाएगा बल्कि पुराने कार्यकर्ताओं की सदस्यता के सत्यापन के लिए भी किया जाएगा। नए और पुराने सदस्यों का रिकार्ड आनलाइन और आफलाइन दोनों स्तर पर सूचीबद्ध् किया जाएगा, जिससे चुनाव के दौरान उन्हें सहेजने में आसानी हो। कार्यशाला में ऐसा सुनिश्चित करने का तरीका पदाधिकारियों और अभियान के संयोजकों को बताया जाएगा।

सदस्यता अभियान को लेकर प्रदेश व क्षेत्र स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा चुका है। 16 को जिले की कार्यशाला होगी। इस कार्यशालाओं में सदस्यता का लक्ष्य भी सुनिश्चित कर दिया जाएगा। सदस्य बनाने के लिए भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाएंगे। उन्हें भाजपा की खूबियां बताकर सदस्यता ग्रहण कराएंगे। पुराने सदस्यों को पार्टी गतिविधियों के लिए सक्रिय करना भी अभियान का लक्ष्य है। सदस्यता अभियान इसी महीने में शुरू हो जाएगा। तिथि की घोषणा जल्द राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा की जाएगी। - डा. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष, गोरखपुर।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.