#LokSabha Elections 2019 : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, परिवारवादी राजनीति के खात्मे को आगे आएं लोग
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि मायावती कौन सी फैक्ट्री चलाती हैं कि 46 करोड़ टैक्स देती हैं। अखिलेश कौन सा ऐसा कार्य करते है कि लखनऊ में 300 कमरों का होटल है।
गोरखपुर, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय ने कहा कि मायावती कौन सी फैक्ट्री चलाती हैं कि 46 करोड़ टैक्स देती हैं। अखिलेश यादव कौन सा ऐसा कार्य करते है कि लखनऊ में 300 कमरों का होटल है। अखिलेश की सरकार ने पाप किया है।
देवरिया के जीआइसी प्रांगण में आयोजित विजय संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की सरकार में सबसे अधिक उत्तर प्रदेश के लोग शामिल हुए। पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रदेश को कुछ नहीं दिया। जबकि नरेंद्र मोदी ने पांच साल में आवास से लेकर बहुत कुछ दिया। परिवारवादी राजनीति का खात्मा करने के लिए लोगों को आगे आना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यूपी में योगी सरकार के शासन में 18 लाख गरीबों को आवास दिया गया। सोशल मीडिया का सबसे बेहतर इस्तेमाल गुजरात के मुख्यमंत्री रहते नरेंद्र मोदी ने किया। भाजपा ने अपने संकल्प में 75 लक्ष्य तय किए हैं। संकल्प पत्र से नए भारत का निर्माण होगा। अभी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आठ सीटों के मतदान रुझान में 38 फीसद मतदान हो चुका है। यदि आपको मजबूत सरकार चाहिए तो सभी कार्यकर्ता घर-घर जाए सरकार की उपलब्धि बताए। सिर्फ देवरिया में केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत 1 लाख 88 हजार गैस कनेक्शन दिया। आज हिंदुस्तान मजबूत हाथों में है। इसे बरकार रखने के लिए आप सभी एकजुट हो जाए। परिवारवादी राजनीति व भष्ट्राचार का खात्मा करना है तो आप सभी आगे बढ़े।