Move to Jagran APP

CAA पर भाजपा की रैली : नागरिकों का जोश बता रहा था सीएए का फायदा Gorakhpur News

CAA के समर्थन में गोरखपुर में भाजपा की रैली में नागरिकों का जोश यह बता रहा था कि सीएए से कोई नुकसान नहीं है बल्कि यह देश के लिए फायदेमंद है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Sun, 19 Jan 2020 04:32 PM (IST)Updated: Sun, 19 Jan 2020 04:32 PM (IST)
CAA पर भाजपा की रैली : नागरिकों का जोश बता रहा था सीएए का फायदा Gorakhpur News
CAA पर भाजपा की रैली : नागरिकों का जोश बता रहा था सीएए का फायदा Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। रविवार को कड़ाके की ठंड के बावजूद महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के मैदान में करीब 10 जिलों के नागरिकों का जमावड़ा लगा था। पुरुष हों या महिला, यहां आए सभी लोगों के चेहरे पर एक आत्मविश्वास झलक रहा था। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) 2019 के समर्थन में हुई इस जुटान में शामिल नागरिकों का जोश यह बता रहा था कि सीएए से कोई नुकसान नहीं है बल्कि यह देश के लिए फायदेमंद है।

loksabha election banner

खचाखच भरा था एमपी इंटर कालेज का मैदान

भाजपा की ओर से आयोजित विशाल जनसभा में शामिल होने के लिए लोग सुबह 10 बजे से ही पहुंचने लगे थे। 12 बजे से जनसभा शुरू होने वाली थी और इससे आधा घंटा पहले तक एमपी इंटर कॉलेज का मैदान पूरी तरह से भर गया था। जिधर नजर जाए, कमल वाली टोपी पहने लोग नजर आते थे। सुरक्षा उपकरणों के बीच से गुजरते हुए लोग जब परिसर में पहुंचते तो अलग-अलग टोलियों में एकत्रित हो जाते। यह संकेत था कि वे सभी साथ आए हैं। वहां से नारा लगाते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते। कार्यक्रम में आते समय उत्साहित नागरिक मुख्यमंत्री का उद्बोधन समाप्त होने तक जोश से लबरेज हो चुके थे।

जय श्रीराम के नारे भी लगे

सीएए को लेकर मुख्यमंत्री ने बारीकी से बात रखी। इसका विरोध करने वालों पर तंज कसती लाइनों को भीड़ के बीच से खूब समर्थन मिलता। समय-समय पर 'भारत माता की जय' के नारे से पूरा वातावरण गुंजायमान होता रहा। राष्ट्रहित की बातों के बीच कुछ देर के लिए धूप ने लोगों को ठंड से राहत दी। मुख्यमंत्री का उद्बोधन समाप्त हुआ तो 'जय श्री राम' के नारे ने यहां आए लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया। जनसभा शुरू होने से पहले और समाप्त होने के बाद खूब ढोल-नगाड़े बजे। मुख्यमंत्री का भाषण सुनने से यहां आईं महिलाएं इतनी रोमांचित हुईं कि स्वयं को रोक नहीं सकीं और वहां खुशी से नाचने लगीं। इनमेें शामिल एक बुजुर्ग महिला के पांव थमने का नाम नहीं ले रहे थे। जनसभा से लौटते हुए लोग अपनी जुबान में सीएए के फायदे गिनाते नजर आए। संतकबीरनगर से आई महिला रूपावती ने बातचीत में सीएए को अपने ढंग से परिभाषित किया। उन्हें मालूम है कि इसके सहारे पाकिस्तान में सताए जा रहे लोग भारत में आकर बस सकेंगे। कुशीनगर के रामशंकर ने इस कानून के विरोध को गलत बताया।

सीएम का संबोधन समाप्त होने तक आते रहे लोग

रैली में लोगों की अपार भीड़ रही। सुबह 10 बजे से लोगों का आना शुरू हुआ तो यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन समाप्त होने तक जारी रहा। महाराणा प्रताप इंटर कालेज परिसर में सुबह लोगों की भीड़ जरूर कम दिख रही थी, पर दोपहर 12 बजते-बजते कार्यक्रम स्थल लोगों की भीड़ से खचाखच भर गया। कार्यक्रम को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। मऊ जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र के भरथ सिंह दोपहर 1.23 पर अपने पचास से अधिक समर्थकों के साथ मोदी-योगी नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें। हालांकि उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच संबोधित कर रहे थे। उनके बाद महराजगंज के डा.अवध किशोर के समर्थक ढोल नगाड़ों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे मुख्यमंत्री का संबोधन समाप्त हो गया। बावजूद इसके भी कार्यक्रम स्थल पर लोगों का आना जारी रहा। हालांकि दोपहर एक बजे तक ही परिसर लोगों की भीड़ से खचाखच भर गया था। रैली के दौरान हजारों की संख्या में लोग बाहर मौजूद रहकर बड़े नेताओं का भाषण सुनते रहे।

लकड़ी व बालू के ढेर पर बैठकर सुनी सभा

रैली को लेकर कुल 11 जिलों के लोगों को एकत्रित किया गया था। कुशीनगर क्षेत्र से आए मोहन प्रसाद व उनके तमाम साथियों जब लगा कि बैठने की जगह नहीं मिलेगी तो वह वहीं बगल में गंजी लकडिय़ों के ढेर पर बैठकर वक्ताओं का संबोधन सुनने लगे। ऐसे ही उनके साथ में आई महिलाएं बालू व छर्री पर बैठकर मुख्यमंत्री समेत तमाम बड़े नेताओं का भाषण सुना।

आधी आबादी की भी दिखी बड़ी मौजूदगी

सुबह फुहारा गिरने से यह प्रतीत हो रहा था कि सीएए रैली में लोगों की भीड़ कम होगी। बावजूद इसके पुरुष व महिला दोनों बड़ी संख्या में वहां पहुंचे। हालांकि दोपहर 12 बजते-बजते मौसम पूरी तरह साफ हो गया था। तेंदुआ की मुन्नी व दुर्गावती ने बताया कि वह सुबह 11 बजे ही कार्यक्रम स्थल पर आ गई थीं। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। इसमें तीस फीसद से अधिक संख्या महिलाओं की रही।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.