विपक्षी दलों का आरोप, जनता का दर्द कम करने की बजाय आपस में लड़ रहे भाजपाई Gorakhpur News
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सहायक अभियंता प्रकरण में भाजपा के सांसद व विधायक के बीच आरोप-प्रत्यारोप से प्रतीत होता है कि कमीशन वितरण में भेदभाव के कारण ही सारा झगड़ा हो रहा है।
गोरखपुर,जेएनएन। सपा जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने कहा कि कोरोना और लॉकडाउन के चलते तमाम लोगों की नौकरियां जा चुकी हैं। व्यापार चौपट है, अपराध चरम पर है। ऐसी स्थिति में जनता का दर्द कम करने की बजाय भाजपाई आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहायक अभियंता प्रकरण में भाजपा के सांसद व विधायक के बीच आरोप-प्रत्यारोप से प्रतीत होता है कि कमीशन वितरण में भेदभाव के कारण ही सारा झगड़ा हो रहा है। इससे आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां भ्रष्टाचार चरम पर है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जिला होने के नाते गोरखपुर में इस तरह की स्थिति नहीं आनी चाहिए, लेकिन अब भाजपा के लोग ही कमीशन को लेकर आमने-सामने आ गए हैं। इसी तरह की स्थिति प्रदेश के अन्य जनपदों में भी होगी। अन्य जिलों में भी कमीशन को लेकर भाजपा सांसद और विधायकों में ठनने की स्थिति आ सकती है। गोरखपुर की जनता सब जान और समझ रही है। उसे सिर्फ असली मौके का इंतजार है। मौका मिलते ही जनता बता देगी कि भाजपा की करनी और कथनी में कितना अंतर था।
झूठा है सबका साथ-सबका विकास का नारा
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता वैभव जायसवाल एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव तारिक अनवर ने संयुक्त रूप से पत्रकारवार्ता में कहा कि भाजपा विधायक डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल के बयान से स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद में विधायक कितने बेबस हैं, जो एक गरीब परिवार की बेटी की मदद नही कर पा रहे हैं। अब नगर विधायक खुद पुलिस पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ.अग्रवाल के बयान से साफ हो गया कि प्रदेश सरकार का सबका साथ-सबका विकास का नारा झूठा है। उन्होंने कहा कि विधायक के बयान के बाद जनता भी समझ गई है कि सबका साथ और सबका विश्वास तो भाजपा का सिर्फ नारा है, इस नारे से उसे कुछ भी लेना देना नहीं है।