भाजपा शुरू करने जा रही लोकसभा चुनाव अभियान, 'रिपोर्ट टू नेशन' से होगी 'मिशन-2024' की शुरुआत
भाजपा लोकसभा चुवाव की तैयारियों में जुट गई है। ऐसे में भाजपा 31 मई से लोकसभा चुनाव अभियान शुरू करने जा रही है। इस दौरान कार्यकर्ता मोदी सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियां लेकर मैदान में उतरेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत रिपोर्ट टू नेशन अभियान से होने जा रही है।
गोरखपुर, डा. राकेश राय। विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के जश्न के बाद भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए मिशन मोड में उतरने जा रही है। मिशन-2024 की शुरुआत 31 मई से होगी। पार्टी की ओर से इसे लेकर पखवारे भर का कार्यक्रम जारी कर दिया है। कार्यक्रम की शुरुआत 'रिपोर्ट टू नेशन' अभियान से होने जा रही है। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता मोदी सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएंगे। उन्हें पार्टी को एक बार फिर सत्ता में लाने की वजह बताएंगे। योजनाएं धरातल पर कितनी प्रभावी है, यह कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान करके दिखाएंगे।
ये है कार्यक्रम का लक्ष्य: पखवारे भर चलने वाले कार्यक्रम का नाम पार्टी ने 'आठ साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण' दिया है। कार्यक्रम का लक्ष्य जनता को यह बताना है कि भाजपा सरकार गरीब, शोषित, वंचित, अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है। कार्यक्रम का आयोजन बूथ स्तर से किया जाना है, जिसकी मानिटरिंग शक्ति केंद्रों से करने की योजना पार्टी की ओर से बनाई गई है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क करना होगा। युवाओं और महिलाओं के साथ प्रभात फेरी निकालनी होगी। लाभार्थियों के घर जाना होगा और उन्हें पौध देकर उसे रोपित कराना होगा। यही नहीं बूथ के प्रभावी व्यक्ति के घर भाेजन करना होगा, जिसका प्रभाव आमजन पर पड़े।
75 घंटे बूथ पर रहेंगे जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी: भाजपा ने अपने इस चुनावी अभियान को आजादी के अमृत महोत्सव से भी जोड़ा है। आजादी के 75वें वर्ष में आयोजित होने वाले अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को अपने-अपने बूथ पर 75 घंटे बिताने को पार्टी नेतृत्व ने कहा है। इसके तहत उन्हें प्रतिदिन आठ घंटे बूथ पर जाकर बूथ आधारित गतिविधियों में सहभागिता करनी होगी। पखवारे के पहले 10 दिन समाज के अलग-अलग वर्ग को समर्पित होंगे। इसमें किसान, महिला, अनुसूचित जाति-जनजाति, अन्य पिछड़ी जाति, समाज का कमजोर वर्ग, शहरी गरीब, विभिन्न आयु वर्ग के अचीवर्स, स्वास्थ्य सेवक और योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं। इसकी जिम्मेदारी संबंधित मोर्चाें, प्रकोष्ठों और भाजपा के मूल संगठन की होगी।
हर जिले में होगी जनसभा, 5 हजार से अधिक होगी संख्या: अभियान के दौरान हर जिले में एक जनसभा आयोजित की जाएगी। हर जनसभा में 5000 से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य पार्टी ने कार्यकर्ताओं को दिया है। इस जनसभा को पार्टी ने गरीब कल्याण जनसभा नाम दिया है। जनसभा में लाभार्थियों को जुटाने की बाध्यता रहेगी, जिससे उसका मकसद पूरा हो।
75 बाइक के साथ रैली निकालेंगे 150 युवा: अभियान में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को बाइक रैली निकालने की जिम्मेदारी अलग से सौंपी गई है। स्वतंत्रता के 75वें वर्ष को ध्यान में रखकर पार्टी ने रैली में 75 बाइक शामिल करने का निर्णय लिया है, युवा मोर्चा के 150 कार्यकर्ता सवार रहेंगे। रैली जिले के हर परियोजना स्थल तक जाएगी, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधि के नेतृत्व में एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा। तीन दिन की रैली का दो दिन रात्रि प्रवास भी होगा।
गोरखपुर के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेद्र सिंह ने बताया कि 30 मई को मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी दिन से पार्टी ने 'आठ साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण' नाम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की पखवारे भर की योजना बनाई है। योजना को पूरी क्षमता के साथ जमीन पर उतारने के लिए कार्यकर्ता तैयार हैं।