दुकान बंद कराने को लेकर भाजपा और एमआईएम कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट, सड़क जाम
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक में दुकानें बंद करवा रहे थे भाजपा कार्यकर्ता।
गोरखपुर : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक मनाते हुए रविवार को महराजगंज के कोल्हुई में दुकान बंद करा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं से एक दुकानदार व आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन (एमआईएम) की तरफ से विधायक का चुनाव लड़ चुके उपेंद्र सिंह से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दुकानदार ने दुकान बंद करा रहे लोगों को हाकी से पीट दिया। जिससे अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। दुकानदार की गिरफ्तारी की माग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर धरने पर बैठ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक मारपीट के आरोपित दुकानदार व नेता को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता तब तक धरना जारी रहेगा। वहीं उपेंद्र सिंह भी अपने साथियों के साथ धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि दूसरा पक्ष उनके खिलाफ झूठा आरोप लगा रहा है।
उपेंद्र सिंह के समर्थन में महराजगंज के पूर्व सासद व सपा नेता कुंवर अखिलेश सिंह भी अपने साथियों के साथ धरना स्थल पर पहुंच गए जिससे माहौल गर्म हो गया। राजमार्ग पर धरना देने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझा कर जाम समाप्त कराया।
बताते चलें कि भाजपा व कोल्हुई उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दो दिन पूर्व ही रविवार को दुकान बंद कराने की घोषणा की थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जब कार्यकर्ता मेडिकल स्टोर चला रहे उपेंद्र सिंह के पास पहुंचे तो वाद-विवाद होने लगा। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस दौरान गुर्चिहा के ग्राम प्रधान दिनेश रौनियार को उपेंद्र सिंह ने पीट दिया। जिससे आक्रोशित लोग धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे पशुपति नाथ मद्धेशिया, श्रीराम जायसवाल, दिनेश मिश्र, देवानंद, देवराज व हरिचंद्र सोनकर आदि लोगों ने कहा कि जब तक आरोपित दुकानदार व एमआइएम के पूर्व विधान सभा प्रत्याशी उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक आदोलन चलता रहेगा। राजमार्ग जाम करने की सूचना पर सीओ फरेंदा के नेतृत्व में चार थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझा कर जाम समाप्त कराया।