केंद्रीय मंत्री के सामने भिड़े भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता, एक दूसरे की खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी
महराजगंज में सड़कों शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के सामने ही भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी करते-करते एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बडे़ नेताओं ने बीचबचाव करके मामला शांत कराया।
महराजगंज़़, जागरण संवाददाता। महराजगंज के फरेंदा विधानसभा के उदितपुर में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत शुक्रवार को सड़कों के शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके चलते कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान वहां मौजूद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बीच बचाव कर कार्यकर्ताओं को शांत किया।
यह है मामला
फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के उदितपुर में सड़क का शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री मौजूद थे। नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी, फरेंदा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मंच पर थे।
घंटों तनावपूर्ण रहा माहौल
इसी दौरान कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि व फरेंदा के कांग्रेसी विधायक वीरेंद्र चौधरी भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता आमने- सामने होते ही नारेबाजी करने लगे। जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सकते में आ गए सुरक्षा कर्मी
मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी सकते में आ गए। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह बीच में आकर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता अपने- अपने नेताओं के समर्थन में जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। कुछ देर के लिए तो हाथापाई की भी स्थित बन गई।
दोनो पक्ष के नेताओं ने दिया सूझबूझ का परिचय
कार्यकर्ताओं को आक्रोशित देखकर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने माइक संभाल कर उन्हें शांत रहने की अपील की। विधायक वीरेंद्र चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को शांत रहने को कहा। नेताओं की अपील के बाद कार्यकर्ता माने, तब जाकर कार्यक्रम संपन्न हुआ।