Weather Updates: बारिश रुकते ही उसम बढ़ी, कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान
Gorakhpur Weather Updates गोरखपुर में बारिश थमते ही उमस शुरू हो गई है। हलांकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में बीते 24 घंटे से बारिश रुकी हुई है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश ने होने से तापमान एक बार फिर चढ़ गया। रविवार को जो अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, सोमवार को वह पांच डिग्री से अधिक चढ़कर 32.2 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक इस गर्मी से राहत दिलाने के लिए वायुमंडलीय वातावरण तैयार है। हवा के कम दबाव की एक पट्टी अमृतसर से निकलकर मेरठ, बरेली, गोरखपुर होते हुए पूर्वोत्तर भारत की ओर जा रही है। इसका पूर्वी सिरा हिमालय की श्रेणियों तक है। इसकी वजह से अगले कुछ घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के 75 फीसद स्थानों पर हल्की से मध्यम और 25 फीसद स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
पानी से घिरे 29 गांवों के लिए लगाई गईं हैं 34 नावें
गोरखपुर जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है। हालांकि राप्ती नदी के जलस्तर में लगातार चौथे दिन भी कमी आई, लेकिन रोहिन नदी तीन दिन घटने के बाद सोमवार से फिर बढऩे लगी है। सरयू (घाघरा) नदी के जलस्तर में भी लगातार चढ़ाव हो रहा है। बाढ़ बचाव कार्यों के लिए 86 बाढ़ चौकियां सक्रिय की गई हैं। सरयू नदी खतरे के निशान 92.73 मीटर से नीचे 92.55 मीटर पर बह रही है। बर्डघाट में सुबह आठ बजे राप्ती नदी का जलस्तर 75.16 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से करीब 18 सेंटीमीटर ऊपर है।
त्रिमुहानी घाट पर रोहिन नदी का जलस्तर 82.09 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से करीब 35 सेंटीमीटर नीचे है। जिले में 29 गांव पानी से घिरे हैं, जहां आवागमन के लिए 34 नाव लगाई गई हैं। प्रशासन ने 300 और नाव की व्यवस्था कर ली है। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित गांवों में साफ-सफाई के लिए पंचायती राज विभाग को निर्देश दिया है। कराए गए कार्यों के सत्यापन के लिए आठ बिंदु का प्रारूप उपलब्ध कराया गया है। इन गांवों में विशेष पशु टीकाकरण अभियान चलाने को भी कहा गया है।