संतकबीर नगर के भाजपा सांसद पर जातिगत टिप्पणी का आरोप
भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी पर अपना दल एस के जिलाध्यक्ष ने जातिगत टिप्पणी का आरोप लगाते हुए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष काे पत्र लिखा है।
गोरखपुर, जेएनएन। भाजपा के सहयोगी अपना दल (एस) के संतकबीर नगर जिलाध्यक्ष अनिल देव चौधरी ने भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र भेजकर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं किए जाने पर कोतवाली में सांसद के खिलाफ तहरीर देने चेतावनी दी है।
जिलाध्यक्ष अनिल देव चौधरी ने कहा कि उन्होंने सोलर लाइट लगवाने के लिए दो माह पहले 25 लोगों की सूची सांसद को दी थी। इसी क्रम में वह उनसे मिलने के लिए खलीलाबाद स्थित उनके कार्यालय पर गए थे, जहां सांसद ने अभी डेढ़ माह और लगने की बात कही। इस पर मैनें कहा तब तक तो आचार संहिता लगने की संभावना है। इस पर वह भड़क उठे और जातिगत टिप्पणी करते हुए धक्का देकर कार्यालय से बाहर कर दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसकी जानकारी दे दी है। वहां से कार्रवाई न होने पर तहरीर देंगे।
सांसद ने कहा
इस बाबत सांसद शरद त्रिपाठी ने कहा कि बुधवार को अपना दल के जिलाध्यक्ष उनके पास आए थे। उनके द्वारा अपने दल के ही राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा था, मैनें उन्हें मना किया तो वह खुद ही भड़ककर वापस चले गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास के नारे को लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने अपना दल के जिलाध्यक्ष के आरोप को बेबुनियाद और दुर्भावना से प्रेरित बताया।