Coronavirus : बस्ती में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला, संख्या बढ़कर आठ हुई Gorakhpur News
कोरोना संक्रमण से हुई एक मौत के बाद बस्ती जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को भी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया।
गोरखपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण से हुई एक मौत के बाद बस्ती जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को भी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया। इसी के साथ बस्ती में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान केंद्र (आरएमआरसी) में रविवार को कोरोना से संबंधित कुल 39 जांच हुई जिसमें बस्ती का एक नमूना स्क्रीन पाजिटिव (संदिग्ध) आया था। उसे दोबारा जांच में भेजा गया जो सोमवार को पॉजिटिस पाया गया। शेष निगेटिव हैं। शनिवार को हुई 85 जांच में बस्ती के दो नमूने पाजिटिव मिले थे, शेष निगेटिव थे। दो में से एक नमूना गोरखपुर के युवक का था, जो शहर का पहला कोरोना संक्रमित मामला है। कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढऩे के साथ ही नमूनों के आने की संख्या में भी इजाफा हुआ है। आरएमआरसी के मीडिया प्रभारी डॉ. अशोक पांडेय ने बताया नमूनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस दृष्टि से चार और लोगों को प्रशिक्षित कर दिया गया है। ताकि आने वाले नमूनों की जांच शीघ्र हो सके।
बस्ती में क्वारंटाइन किए गए हैं 71 जमाती
बस्ती जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कोरोना वायरस के संक्रमण का फैलाव राेकन के लिए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छिपे 71 जमातियों को पकड़ा। इनमें से 31 दिल्ली के निजामुद्दीन में हुए तब्लीगी जमात में शामिल होकर लौटे थे। सभी को अलग अलग स्थानों पर क्वारंटाइन कर उन पर नजर रखी जा रही है। दिल्ली के तब्लीगी जमात में शामिल हुए 31 लोगों को बस्ती मेडिकल कालेज के हास्टल में बनाए गए क्वारंटाइन वार्ड में रखा गया है। इनकी नियमित जांच की जा रही है। इनमें से एक में भी कोरोना वायरस के लक्षण नहीं पाए गए हैं। बस्ती में पकड़े गए जमातियों में सर्वाधिक 25 बहराइच के हैं। 16 रुधौली,एक लखनऊ, आठ कानपुर,नौ मुंबई,दो मऊ,आठ गाजीपुर और एक एक संतकबीरनगर एवं बिहार के हैं।
दस के खिलाफ दर्ज है मुकदमा
जिले छावनी थानाक्षेत्र चौकड़ी गांव में स्थित मस्जिद में पकड़े गए 9 जमातियों को वहीं पर क्वारंटाइन किया गया था। पहली अप्रैल की रात में यह सभी भाग गए। इनमें से आठ कानपुर और एक बिहार का था। ग्रामीणों की सूचना पर मस्जिद की देखरेख करने वाले सहित सभी नौ जमातियों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
देवरिया में जमात से जुड़े 33 लोग चिन्हित
देवरिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 33 लोगों को तीन जमात से जुड़े होने की पुष्टि की। लेकिन निजामुद्दीन स्थित मरकज का कोई जमाती नहीं मिला। जिसमें 13 लोग शाहीन बाग नई दिल्ली तथा 10 लोग वाराणसी एवं 10 लोग स्थानीय जमात के हैं। वाराणसी के जमातियों को जिला प्रशासन ने 31 मार्च को उनके पैतृक गांव वाराणसी भेज दिया। शाहीन बाग नई दिल्ली के 13 जमतियो को देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में शिक्षक समीउल्लाह द्वारा अपने मकान में जिला प्रशासन को सूचना दिए बिना जमातियो को ठहराया था। जिला प्रशासन ने छापेमारी कर 13 जमातियों को देवरिया स्थित जिला आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराकर उनकी जांच कराया, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। इस मामले में पुलिस ने शरणदाता शिक्षक समीउल्लाह के खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।