पति पत्नी और वो : महिला कर रही थी अजीब जिद, पति ने उठाया खौफनाक कदम Gorakhpur News
रात में खाना खाने के बाद सभी लोग सोने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच एक महिला टेंपो चालक को भी पति के साथ अपने ही कमरे में सुलाने की जिद करने लगीं। इसी बात पर विवाद हो गया।
गोरखपुर, जेएनएन। चिलुआताला क्षेत्र के जंगल बहादुर अली, शेषपुरवा निवासी परमानंद ने खुदकशी कर ली है। परमानंद को उसकी पत्नी का एक टेंपो चालक से अनैतिक संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर मंगलवार की रात पत्नी से विवाद होने के बाद उन्होंने घर में ही फांसी लगा ली।
बेटे ने तहरीर देकर की मां पर कार्रवाई की मांग
उनके बड़े बेटे ने तहरीर देकर मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। बेटे के मुताबिक चौरीचौरा इलाके के सोनबरसा निवासी टेंपो चालक का उसकी मां आरती देवी से गहरी दोस्ती है। टेंपो चालक अक्सर आरती देवी से मिलने के लिए उनके घर आता रहता था। परमानंद को पत्नी के साथ उसका अनैतिक संबंध होने का संदेह था। इसीलिए उन्हें उसका घर आना-जाना पसंद नहीं था। मंगलवार को टेंपो चालक उनके घर आया था। रात में खाना खाने के बाद सभी लोग सोने की तैयारी कर रहे थे। बेटे के मुताबिक आरती देवी, टेंपो चालक को भी पति के साथ अपने ही कमरे में सुलाने की जिद करने लगीं। इसी बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
और टेंपो चालक के साथ रात में घर से निकल गई पत्नी
घर में झगड़ा शुरू होने पर टेंपो चालक नाराज होकर वहां से जाने लगा तो उसे मनाने के लिए आरती देवी भी उसके टेंपो में सवार हो गईं। आरती देवी की वजह से उनका बड़ा बेटा भी टेंपो बैठ गया। उन्हें साथ लेकर टेंपो चालक अभी खजांची चौराहे के पास पहुंचा ही था कि छोटे बेटे ने उन्हें फोन कर पिता के फांसी लगा लेने की जानकारी दी। खजांची चौराहे से वे लोग घर लौटते तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परमानंद के तीन बेटे हैं। बड़े बेटे ने तहरीर देकर मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।