एयर इंडिया से आने वालों का दिल्ली में छूट जा रहा सामान,एयरपोर्ट पर हो रहा हंगामा, जानें-क्या है असली कारण Gorakhpur News
इस विमान में सामान रखने के लिए बना होल्ड एरिया छोटा है। जिसकी वजह से उन यात्रियों का सामान गोरखपुर नहीं आ पा रहा है जिसका वजन तो ठीक है लेकिन आकार बड़ा है।
गोरखपुर, जेएनएन। दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़कर गोरखपुर आने वाले यात्री रोजाना परेशान हो रहे हैं। औसतन हर रोज दो से तीन लोगों का सामान दिल्ली में ही छूट जा रहा है। जिसकी वजह एटीआर विमान के होल्ड एरिया का भरना बताया जा रहा है। छूटने की जानकारी यात्रियों को गोरखपुर पहुंचने पर हो रही है।
इस वजह से नहीं आ पा रहा सामान
एयर इंडिया का 70 सीट वाला विमान (एटीआर 72) दोपहर बाद 3.20 बजे दिल्ली से यात्रियों को लेकर गोरखपुर पहुंचता है। आधे घंटे बाद यह विमान यात्रियों लेकर दिल्ली लौट जाता है। इस विमान में सामान रखने के लिए बना होल्ड एरिया छोटा है। जिसकी वजह से उन यात्रियों का सामान गोरखपुर नहीं आ पा रहा है जिसका वजन तो ठीक है लेकिन आकार बड़ा है। छूटे सामान को विमान कंपनी अपने बोइंग विमान से लखनऊ भेज रही है। वहां से गोरखपुर लाया जा रहा है। यह स्थिति करीब-करीब रोज आ रही है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को तो पांच से अधिक यात्रियों का सामान छूट गया। एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें जानकारी हुई तो हंगामा शुरू कर दिया। अधिकारियों के समझाने पर यात्री माने।
घरेलू विमान में ले जा सकते हैं 15 किलो सामान
एयरपोर्ट निदेशक अनिल द्विवेदी ने बताया कि घरेलू विमान से सफर करने वाले यात्री 15 किलो वजन का सामान लेकर चल सकते हैं। इसके अलावा सात किलो वजन का एक बैग वह अपने साथ रख सकते हैं। सामान का वजन ज्यादा होने पर प्रतिकिलो 400 रुपये एक्सट्रा चार्ज लगता है।
यहां से दिल्ली जाने वालों को कोई परेशानी नहीं
इस संबंध में गोरखपुर एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी विजय कौशल का कहना है कि गोरखपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को कोई परेशानी नहीं हो रही है। दिल्ली से आने वाले विमान के यात्रियों का सामान छूटने की शिकायत मिल रही है। इसकी वजह एटीआर विमान का होल्ड एरिया का छोटा होना व सामान के आकार का बड़ा होना है। जिन लोगों का सामान छूटता है उसे एयर इंडिया बोइंग विमान से भेजता है।