गोरखपुर से मुंबई तक उड़ान की तैयारी में एयर इंडिया
एयर इंडिया गोरखपुर से मुंबई तक उड़ान भरने की तैयारी में है। कंपनी के अधिकारी लखनऊ से मुंबई जाने वाली फ्लाइट को गोरखपुर से कनेक्ट करने की योजना बना रहे हैं।
गोरखपुर, सतीश कुमार पांडेय। एयर इंडिया भी गोरखपुर से मुंबई तक उड़ान भरने की तैयारी में है। कंपनी के अधिकारी लखनऊ से मुंबई जाने वाली फ्लाइट को गोरखपुर से कनेक्ट करने की योजना बना रहे हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रलय से पत्रचार भी हो चुका है। मंजूरी का इंतजार है। मुंबई से लखनऊ के बीच एयर इंडिया का यात्री विमान पहले से आता है।
2.30 से 3 घंटे में ही मुंबई पहुंच जाएंगे मुंबई
यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए एयर इंडिया की उसी उड़ान को विस्तार देकर गोरखपुर तक बढ़ाने की योजना है। स्पाइस जेट 31 मार्च को गोरखपुर से मुंबई और इंडिगो 30 अप्रैल से कोलकाता व हैदराबाद के लिए उड़ान शुरू करेगा। समय सारिणी निर्धारित होने के बाद विमान कंपनियां टिकट की बुकिंग शुरू कर देंगी। दोनों शहर के बीच हवाई सेवा शुरू होने के बाद यात्री 2.30 से 3 घंटे में ही मुंबई पहुंच जाएंगे।
दिल्ली, सूरत और बंगलुरू के लिए रोजाना है फ्लाइट
गोरखपुर एयरपोर्ट से स्पाइस जेट, इंडिगो और एयर इडिया के विमान रोजाना दिल्ली, सूरत और बंगलुरू के लिए उड़ान भरते हैं। मुंबई, कोलकाता के लिए हवाई सेवा शुरू करने की लंबे समय से मांग चल रही थी। जल्द ही एयर विस्तारा और एयर उड़ीसा की भी सेवा शुरू होने की उम्मीद है।