North Eastern Railway: 301 दिन बाद कल से शुरू होगी रिटायरिंग रूम और डारमेट्री की बुकिंग, इतना होगा किराया
गोरखपुर जंक्शन पर तीन रूम के अलावा पुरुषों के लिए 25 तथा महिलाओं के लिए 6 डारमेट्री की बुकिंग होगी। रूम और डारमेट्री को अति आधुनिक रूप से तैयार किया गया है। कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन अनिवार्य होगा।
गोरखपुर, जेएनएन। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब वे स्टेशनाें के रिटायरिंग रूम और डारमेट्री में भी रुक सकेंगे। थ्री स्टार होटलों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आइआरसीटीसी) ने स्टेशनों पर खानपान की व्यवस्था के बाद ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना तैयार कर ली है। 301 दिन बाद 18 जनवरी से गोरखपुर और लखनऊ जंक्शन पर स्थित वातानुकूलित रिटायरिंग रूम और डारमेट्री की आनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी। 23 मार्च से इनकी बुकिंग बंद थी।
गोरखपुर और लखनऊ स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगी ठहरने की सुविधा
गोरखपुर जंक्शन पर तीन रूम के अलावा पुरुषों के लिए 25 तथा महिलाओं के लिए 6 डारमेट्री की बुकिंग होगी। रूम और डारमेट्री को अति आधुनिक रूप से तैयार किया गया है। कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन अनिवार्य होगा। नाश्ता और भोजन के लिए यात्रियों को स्टेशन से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। कमरे में ही उन्हें नाश्ता और भोजन के अलावा मनोरंजन की सुविधाएं भी मिल जाएंगी। आर्डर पर पैक्ड ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर उपलब्ध कराया जाएगा। यहां जान लें कि गोरखपुर जंक्शन पर 16 रिटायरिंग रूम और 45 डारमेट्री हैं। रेलवे प्रशासन ने इनके कायाकल्प और संचालन की पूरी जिम्मेदारी आइआरसीटीसी को सौंप दी है। फिलहाल, 3 रूम और 31 डारमेट्री का कायाकल्प हो चुका है। शेष का जल्द ही नवनिर्माण शुरू हो जाएगा।
ऐसे लगेगा किराया (रुपये में)
एसी महाराजा रूम : तीन घंटे का 700, छह घंटे का 900, नौ घंटे का 1300, बारह घंटे का 1500, चौबीस घंटे का 2100, छत्तीस घंटे का 3000 तथा 48 घंटे का 3600 रुपये।
एसी डीलक्स रूम : तीन घंटे का 500, छह घंटे का 700, नौ घंटे का 900, बारह घंटे का 1200, चौबीस घंटे का 1500, छत्तीस घंटे का 2500 तथा 48 घंटे का 3000 रुपये।
एसी डारमेट्री केबिन : तीन घंटे का 150, छह घंटे का 250, नौ घंटे का 350, बारह घंटे का 450, चौबीस घंटे का 600, छत्तीस घंटे का 800 तथा 48 घंटे का 990
18 जनवरी से आनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी। सभी रूम और डारमेट्री सैनिटाइज करा दी गई है। कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। - अनिल गुप्ता, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक, आइआरसीटीसी।