Move to Jagran APP

एडीजी जोन अखिल कुमार ने कहा- कुछ गलत हो रहा है तो सबूत दें, तत्काल होगी कार्रवाई

दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में सोमवार को जनता से रूबरू हुए एडीजी जोन अखिल कुमार ने हर शिकायत का संज्ञान लिया। फरियादियों से कहा कि थाने की पुलिस अगर बात नहीं सुन रही है या कुछ भी गलत हो रहा हो तो सुबूत दें तत्काल कार्रवाई होगी।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Tue, 13 Apr 2021 07:02 AM (IST)Updated: Tue, 13 Apr 2021 07:02 AM (IST)
एडीजी जोन अखिल कुमार ने कहा- कुछ गलत हो रहा है तो सबूत दें, तत्काल होगी कार्रवाई
दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में एडीजी जोन अखिल कुमार। - जागरण

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। किसी की जुबां पर पुलिस की अवैध वसूली की शिकायत तो कोई सड़क पर बेरोकटोक दौड़ रहे जुगाड़ वाले डग्गामार वाहनों से परेशान था। कोई एफआइआर दर्ज न होने से परेशान था तो कोई रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई न होने से दुखी। दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में सोमवार को जनता से रूबरू हुए एडीजी जोन अखिल कुमार ने हर शिकायत का संज्ञान लिया। फरियादियों से कहा कि थाने की पुलिस अगर बात नहीं सुन रही है या कुछ भी गलत हो रहा हो तो सुबूत दें, तत्काल कार्रवाई होगी। एक घंटे तक एडीजी से लगातार सवाल पूछे जाते रहे और वह धैर्य से हर फरियादी की समस्या सुनकर उसका समाधान बताते रहे। सबसे अधिक भूमि संबंधी विवाद के मामले सामने आए।कुछ लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण की वजह से जाम लगने की समस्या भी उठाई।

loksabha election banner

सवाल : घर के सामने एक जर्जर पेड़ है। जिसके छत पर गिरने का खतरा है। वन विभाग से पेड़ काटने का परमिट लेने के बाद भी दबंग रोक रहे हैं। पुलिस गौरीबाजार पुलिस भी उनकी मदद कर रही है। - सुभाष गिरी, गौरीखुर्द-गौरीबाजार (देवरिया)

जवाब : एसपी देवरिया दोनों पक्ष को थाने बुलाकर बात करेंगे। अगर आपकी शिकायत सही मिली तो पुलिस पूरी मदद करेगी। अवरोध खड़ा करने वाले पर कार्रवाई होगी।

सवाल : शहर में धड़ल्ले से जुगाड़ वाले वाहन चल रहे हैं। यातायात पुलिस कार्रवाई नहीं करती। दुर्गाबाड़ी में गाड़ी धुलने वाले सड़क पर पानी गिराते हैं। जिसकी वजह से कई लोग गाड़ी लेकर गिर चुके हैं। - कौशल त्रिपाठी, राजेंद्रनगर-गोरखनाथ

जवाब : नियम की अनदेखी कर शहर में चलने वाले जुगाड़ वाले वाहनों को बंद कराया जाएगा। एसपी ट्रैफिक को इस संबंध में निर्देश दिए जाएंगे। दूसरी शिकायत पर भी पुलिस अमल करेगी।

सवाल : पुलिस व प्रशासनिक महकमे में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं होती।विरोध करने वाले को प्रताड़ित किया जाता है। - संदीप तिवारी, पिपरा गुआर, बघौचघाट (देवरिया)

जवाब : भ्रष्टाचार की शिकायत तुरंत संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी से करें। अगर वे बात नहीं सुनते हैं तो मंडल स्तर पर अधिकारियों से मिलकर बताएं।कार्रवाई जरूर होगी।

सवाल : कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। चरगांवा और शाहपुर इलाके में लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं।शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं हो रहा है। - अमित श्रीवास्तव, चरगांवा

जवाब : संक्रमण को रोकने और आमजन को सजग करने के लिए जिले में नाइट कफ्र्यू लगा है।पुलिस जागरुकता भी फैला रही है। कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।

सवाल : दहेज के लिए ससुराल के लोग प्रताड़ित करते थे। कुछ दिन बाद उन्होंने घर से निकाल दिया। भागदौड़ करने के बाद सहजनवां पुलिस ने केस दर्ज किया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। - राधा गुप्ता, सहजनवां

जवाब : मुकदमा दर्ज करने के बाद स्थानीय पुलिस ने क्या कार्रवाई की। इस बारे में जानकारी ली जाएगी। पुलिस आपकी मदद करेगी।

सवाल : 15 अप्रैल को गांव में मतदान है। परिवार सहित वोट देने जाना है। चुनाव के दिन गाड़ी से घर जाने की अनुमति रहेगी या नहीं। - परभंश लाल, रामगढ़ताल

जवाब : मतदान के दिन प्राइवेट गाड़ियां चलेगी या नहीं यह बाद में बताया जाएगा। बेहतर होगा एक दिन पहले ही पहले ही गांव चले जाइए।

सवाल : बिछिया में मेरा प्लाट है, लेकिन कब्जा नहीं मिल पा रहा है। तहसील प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी मदद नहीं कर रहे हैं। - राज बहादुर, कौवाबाग- शाहपुर

जवाब : समाधान दिवस पर थाने जाकर प्रार्थना पत्र दीजिए। पुलिस व राजस्व की टीम मौके पर जाकर समाधान कराएगी। अगर कोई आनाकानी करे तो एसएसपी से मिले।

सवाल : पुरानी रंजिश में मेरे खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। साक्ष्य देने के बाद भी स्थानीय पुलिस मदद नहीं कर रही है। - अश्वनी त्रिपाठी, झुड़िया, खजनी

जवाब : मामले की जांच कराई जाएगी। रंजिश में फर्जी मुकदमा लिखे जाने का साक्ष्य मिला तो पुलिस मदद करेगी।

सवाल : कूटरचित तरीके से मेरे ऊपर रंगदारी मांगने और धमकी देने का केस दर्ज करा दिया गया। स्थानीय पुलिस बात नहीं सुन रही है।- उमेश, जमालपुर-लालगंज (बस्ती)

जवाब : एसपी बस्ती तथ्य की पड़ताल कराएंगे। रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप गलत मिलने पर मुकदमा खत्म कराया जाएगा।

सवाल : सात अगस्त 2020 को दबंगों ने पूरे परिवार की पिटाई कर दी। नौ लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया लेकिन साक्ष्य होने के बाद भी पांच आरोपितों का नाम मुकदमे से निकाल दिया।- कैलाश प्रसाद, तुर्कपट्टी-बरवा राजापाकड़ (देवरिया)

जवाब : साक्ष्य होने के बाद भी विवेचक ने आरोपितों का नाम कैसे निकाल दिया इसकी जांच कराई जाएगी।आरोप सही मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

सवाल : रिटायर्ड साइंटिस्ट हूं। पुस्तैनी जमीन पर भतीजे ने कब्जा कर लिया है। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस भी मदद नहीं कर रही। - जवाहर सिंह, बहुरीपार-बांसगांव

जवाब : जमीन से संबंधित प्रकरण का सामाधान राजस्व विभाग की टीम करेगी। धमकी देने वाले पर कार्रवाई होगी।थानेदार आपसे संपर्क करेंगे।

सवाल : बेनीगंज के रहने वाले दो युवकों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज है। कोतवाली पुलिस ने थाना स्तर पर बने संभ्रांत नागरिकाें के वाट्सएप ग्रुप में जोड़ रखा है। - देवेश कुमार, हजारीपुर

जवाब : जालसाजी के आरोपितों को संभ्रांत नागरिको वाले ग्रुप में जोड़ने का मामला गंभीर है। इसे चेक कराया जाएगा, सही होने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।

सवाल : दुष्कर्म का फर्जी केस दर्ज कराने वाले पर कार्रवाई का क्या प्रावधान है। रंजिश में परेशान करने के लिए भी फर्जी केस दर्ज कराया जा रहा है। - नाथूराम गुप्ता- राप्तीनगर फेज चार, चिलुआताल

जवाब : शिकायत पर केस दर्ज करना पुलिस की प्राथमिकता होती है। विवेचना में मिले साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होती है। फर्जी केस दर्ज कराने वाले पर आइपीसी की धारा 182 के तहत कार्रवाई करने का प्राविधान है।

सवाल : बहन की शादी कूड़ाघाट में हुई है। बच्चा न होने पर ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया है। अब झूठा आरोप लगा रहे हैं। निष्पक्ष् जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई कराइए। - अभिमन्यु गुप्ता, रानीडीहा

जवाब : कैंट पुलिस दोनों पक्ष को थाने बुलाकर बात करेगी। शिकायत को दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। परेशान न होइए, पुलिस आपके साथ है।

सवाल : एक माह पहले दरवाजे से पिकअप से चोरी हो गई। खड्डा पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया लेकिन घटना का पर्दाफाश नहीं हुआ। - गौतम जायसवाल, भुजौली-खड्डा (कुशीनगर)

जवाब : पिकअप चोरी के मामले में पुलिस ने क्या कार्रवाई की इसकी समीक्षा कराई जाएगी। विवेचक आपको स्थित से अवगत कराएंगे। चोरी का पर्दाफाश होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.