यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आपके Aadhaar कार्ड में भी है गड़बड़ी तो करा लें सुधार, वरना नहीं मिलेगी छात्रवृत्ति; यहां जानें- पूरा नियम
Aadhaar Card अगर आपके आधार कार्ड में भी कोई गड़बड़ी है तो तुरंत सुधार करा लें। ऐसा न करने पर ...और पढ़ें

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। आधार कार्ड में गड़बड़ी होने पर अब छात्रवृत्ति अटक जाएगी। इस साल से छात्रवृत्ति आवेदन भरते समय आधार कार्ड नंबर डालते ही डाटा स्वत: भर जाएगा। इस डाटा और मूल कागजों में अंतर मिला तो फिर छात्रवृत्ति नहीं मिल सकेगी।
ये हुआ बदलाव
आनलाइन छात्रवृत्ति फार्म भरते समय अब तक छात्र-छात्राओं का केवल आधार कार्ड का नंबर ही भरा जाता था। शेष डाटा भरने के लिए छात्रों के पास विकल्प रहता था, लेकिन इस साल से ऐसा नहीं होगा। आधार कार्ड नंबर से ही छात्र का नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर, फोटो, बैंक खाता नंबर स्वत: भर जाएगा। इसमें और हाईस्कूल के मार्कशीट में अंकित नाम व जन्मतिथि में अंतर हुआ तो छात्रवृत्ति नहीं मिल सकेगी। 10 अगस्त से छात्रवृत्ति के लिए आनलाइन आवेदन होंगे। असुविधा से बचने के लिए छात्र-छात्राओं को हाईस्कूल के अंकपत्र के अनुसार आधार कार्ड को अपडेट कराना होगा।
विवाहित छात्राओं के लिए भी बदले नियम
छात्रवृत्ति फार्म भरने को लेकर विवाहित छात्राओं के लिए भी नियम बदल गया है। अब उनके आधार कार्ड पर पति का नाम और ससुराल का पता होना चाहिए। अन्यथा की स्थिति में आवेदन अग्रसारित नहीं होगा।
माता-पिता या अभिभावक की आय ही मान्य
छात्रवृत्ति के लिए छात्र-छात्राओं को पिता का आय प्रमाणपत्र लगाना होगा। पिता के न होने पर माता की आय लगेगी। यदि दोनों नहीं हैं तो उनके अभिभावक का आय प्रमाणपत्र मान्य होगा। छात्र का आय प्रमाणपत्र नहीं लगेगा।
एक लाख से अधिक छात्रों को मिलती है छात्रवृत्ति
जिले में हाईस्कूल से लेकर परास्नातक और अन्य कोर्स में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं में से एक लाख से अधिक को हर साल छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिलता है। अब सभी को अपने आधार कार्ड को अपडेट कराकर नाम समेत अन्य जानकारी सही रखना होगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि छात्रवृत्ति फार्म भरते समय अब सारी जानकारी आधार कार्ड नंबर से ही भरेगी। इसलिए आधार कार्ड में सारी जानकारी सही रखनी होगी। ऐसा नहीं होने पर छात्रवृत्ति पाने से छात्र-छात्रा वंचित हो सकते हैं।
